ओम प्रकाश चौटाला ने उमेद लोहान को सौंपी इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी

12/21/2021 9:11:12 PM

चंडीगढ़ (धरणी): इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने उमेद सिंह लोहान को इनेलो पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। इससे पहले लोहान वर्ष 2000 से 2004 तक इनेलो की यूथ इकाई के हिसार जिला के अध्यक्ष रहे हैं और वर्ष 2004 से 2007 तक युवा प्रदेशाध्यक्ष के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उमेद लोहान ने वर्ष 2005 में इनेलो की तरफ से विधानसभा हलका बरवाला से चुनाव लड़ा लेकिन मात्र तीन हजार वोटों के अंतर से ही दूसरे स्थान पर रहे।

लोहान वर्ष 2009 से 2011 तक इनेलो यूथ के प्रदेश प्रभारी और संगठन सचिव के पद पर भी रहे हैं और इन्होंने वर्ष 2011 से 2015 तक इनेलो पार्टी के हिसार के जिलाध्यक्ष के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने वर्ष 2014 में विधानसभा हलका हांसी से फिर इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ा और यहां भी लोहान दूसरे नम्बर पर रहे। इनेलो सुप्रीमो ने उमेद लोहान को कर्मठ और जुझारू युवा बताते हुए कहा कि इसी तरह इनेलो संगठन को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर आगे भी नियुक्तियां की जाएंगी।

Content Writer

Shivam