हमारे उम्मीदवार झाड़ू के निशान पर विरोधियों को निकाय चुनावों में करेंगे परास्त: सुशील गुप्ता

5/26/2022 4:11:29 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : सभी राजनीतिक दलों की निकाय चुनावों को लेकर सिंबल पर चुनाव लड़ने की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, वहीं आम आदमी पार्टी ने घोषणा कर दी है कि पार्टी सिंबल पर ही चुनाव लड़ेगी। इस बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुशील गुप्ता ने बताया कि "अब बदलेगा हरियाणा" रैली को संबोधित करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल कुरुक्षेत्र की धरती से राजनीतिक लड़ाई का आगाज करेंगे। यह रैली 29 मई को आयोजित होगी और लाखों की भीड़ इस रैली में पहुंचेगी। गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में फैले भ्रष्टाचार को कैसे खत्म करें, बढ़ती बेरोजगारी- बढ़ते अपराध को कैसे रोके, किस प्रकार से प्रदेश में अच्छे स्कूल- कॉलेज और अस्पताल बनाएं, इन नगर निकाय चुनावों के आगाज में इस पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि सभी 46 स्थानों के चुनावों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार झाड़ू के चुनाव चिन्ह पर विरोधियों को परास्त करेंगे। क्षेत्र के भ्रष्टाचार को समाप्त करके नागरिक सुविधाओं में बढ़ोतरी करना आम आदमी पार्टी का लक्ष्य रहेगा। उन्होंने पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अपने ही मंत्री के खिलाफ कार्यवाही करने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए एक उदाहरण पेश किया गया है कि पार्टी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। जहां अधिकारी और नेता मिलजुलकर देश में लूट मचा रहे हैं। आमजन के हकों पर डाका डाला जा रहा है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में यह एक सीधा संदेश है कि अब भ्रष्टाचारियों का वक्त समाप्त हो चुका है। हिंदुस्तान की जनता बदलाव चाहती है और हरियाणा एक बड़े बदलाव की ओर चल रहा है।

गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी द्वारा एक अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सारे बागियों को संतुष्ट करने की बेशक कोशिश की हो, लेकिन इस फैसले से कोई संतुष्ट नहीं हुआ। भिवानी में सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के अध्यक्ष की पोस्टरों में फोटो तक नहीं लगाए गए। इनका एक विधायक का कहना कि अध्यक्ष पद पर खड़ेउ बिठा दिया गया। गांधी परिवार का बेहद चहेता एक बड़ा नेता नवनियुक्त अध्यक्ष को ठीक नहीं बताता। अध्यक्ष द्वारा जारी सूची को दिल्ली से रोक दिया जाता है। यह घटनाएं कमजोर नेतृत्व को प्रदर्शित करती हैं। कांग्रेस पार्टी देश से खत्म हो चुकी है। गुप्ता ने भ्रष्टाचार और अपराध से दूरी बनाकर रखने वाले व हरियाणा को बदलने की सोच रखने वाले सभी नेताओं का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया है।

गुप्ता ने कहा कि आगामी सभी चुनावों में आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार को खत्म करने, अच्छे स्कूल- कॉलेज- अस्पताल बनाने, मोहल्ला क्लीनिक बनवाने, अच्छी सड़कें और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, बच्चों को रोजगार देने, नशा मुक्त हरियाणा बनाने, अपराध मुक्त हरियाणा बनाने, महिलाओं को समान अधिकार व सम्मान देने, किसान के उत्थान करने और हरियाणा को विकसित करने के रोडमैप से आगे बढ़ेगी। हमारा मुख्यत मुद्दा दिल्ली मॉडल है। दिल्ली बदल चुकी है। पंजाब बदल रहा है और अब हरियाणा भी बदलेगा, हरियाणा की बारी आ चुकी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Manisha rana