कागजों में बंद, धरातल पर चालू! 693 फर्जी स्कूलों को बंद करने के आदेश, कहीं आपके बच्चे भी तो नहीं कर रहे इनमें पढाई?
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 02:34 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के मौलिक शिक्षा निदेशालय( Directorate of Elementary Education) ने राज्य में बिना मान्यता चल रहे 693 निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जुलाई 2026 में शिक्षा निदेशालय द्वारा इन सभी स्कूलों को गैर-मान्यता(Non-recognition) प्राप्त घोषित कर तुरंत बंद करवाने के निर्देश दिए गए थे। इस कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई थी। हालांकि, आदेशों के बावजूद कई स्थानों पर ये स्कूल धरातल पर बेधड़क संचालित हो रहे हैं।
शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से अब तक बंद करवाए गए गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची मांगी है। सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आदेश की प्रतियां सभी अतिरिक्त जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भी भेजी गई हैं।
मौलिक शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले संस्थानों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिना मान्यता संचालित निजी स्कूलों को तुरंत प्रभाव से बंद कराया जाए और बंद किए गए विद्यालयों की अद्यतन सूची जल्द से जल्द निदेशालय को भेजी जाए।