भाजपा शासन में हो रहा संगठित भ्रष्टाचार: दीपेंद्र

4/15/2018 11:26:19 AM

हिसार(ब्यूरो): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे व रोहतक से लगातार दूसरी बार सांसद बने दीपेंद्र सिंह हुड्डा जहां कांग्रेस की मजूबती के साथ-साथ अपने पिता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अस्वस्थता के चलते इन दिनों पूरी सक्रियता से लगातार प्रदेश में दौरे कर रहे हैं, वहीं वे सत्ताधारी दल भाजपा के साथ-साथ इनेलो पर भी राजनीतिक वार करने से नहीं चूकते। 2009 में पहली बार रिकार्ड मतों से विजयी होने वाले दीपेंद्र दूसरी बार 2014 में हरियाणा की 10 संसदीय सीटों में से एकमात्र रोहतक सीट जीतकर प्रदेश में कांग्रेस की साख बचाई थी।

 दीपेंद्र भाजपा के शासनकाल को अब तक का सबसे विफल शासन बताते हुए कहते हैं कि प्रदेश में 10 वर्षों में हुड्डा सरकार के दौरान जो विकास, अमन, भाईचारे, सौहार्द का माहौल था उसे खराब किया जा रहा है। वे 2019 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सत्ता वापसी का दावा भी कर रहे हैं। सांसद दीपेंद्र हुड्डा से ‘पंजाब केसरी’ के साथ बातचीत की। प्रस्तुत है इसके प्रमुख अंश:

सवाल: प्रदेश सरकार के अब तक के कार्यकाल की क्या उपलब्धियां मानते हैं?
जवाब: प्रदेश की सरकार अब तक की सबसे विफल सरकार है, जिसने अपने अब तक के कार्यकाल में हरियाणा में विकास के मामले में नम्बर एक राज्य को अपराधों के मामले में नम्बर एक बना दिया। इस शासन की उपलब्धियां यही हैं कि प्रदेश विकास के साथ प्रति व्यक्ति आय, निवेश व रोजगार उपलब्ध करवाने में भी बुरी तरह से पिछड़ा है। महिलाओं पर अत्याचार में देश में नम्बर वन राज्य बना। यह सरकार विश्वास खो चुकी है।

सवाल: प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को कैसा मानते हैं?
जवाब: राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। 2005 से लेकर 2014 तक भूपेंद्र हुड्डा के शासन में शांति, खुशहाली, भाईचारा व विकास के जिस पथ पर हम पहुंचे थे, उस प्रदेश को साढ़े 3 वर्षों में भाजपा ने अशांत बना दिया। विकास ठप्प है। हर तरफ अफरा-तफरी है। इस अवधि में 4 बार हरियाणा सुलगा व सेना बुलानी पड़ी। 3 बार पुलिस की गोलियों से 75 लोगों की जान गईं। जबकि हुड्डा शासन में 10 वर्षों में कभी छर्रा तक नहीं चला और न ही कभी सेना बुलाई गई। लोग बुरी तरह आहत हैं व उस 10 वर्ष के राज को याद करने लगे हैं। हरियाणा में कानून व्यवस्था का प्रमाण इस बात से मिलता है कि कश्मीर में पुलिस की गोलियों से 22 निर्दोष लोग मरे, जबकि हरियाणा में 75 लोग इसकी भेंट चढ़े।

सवाल: सरकार के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के दावे पर क्या कहेंगे?
जवाब: भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की बात पूरी तरह से बेमानी है। इस राज में जितना संगठित भ्रष्टाचार हो रहा है वह अपने आप में नया कीर्तिमान है व भ्रष्टाचार के मामले में भाजपा का हाजमा मजबूत है। चाहे खनन घोटाला हो या नौकरियों में लूट, हर तरफ भ्रष्टाचार की बू आ रही है। कर्मचारी चयन आयोग की करतूत का पर्दाफाश होने से भ्रष्टाचार की पोल तो खुली है, वहीं यह बात भी सामने आई है कि किस तरह से सब्जियों की तरह नौकरियों की बोली लग रही थी। यही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी भाजपा में भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। भाजपा की एक वर्ष की आमदनी 1000 करोड़ से ऊपर पहुंच गई है, जबकि किसी अन्य राजनीतिक दल की आमदनी कभी इतनी नहीं रही। सभी राजनीतिक दलों की आमदनी जोड़ ली जाए तो भाजपा की एक वर्ष की आमदनी से कम ही है।

सवाल: कांग्रेस की खींचतान के चलते क्या सत्ता वापसी हो पाएगी?
जवाब: कांग्रेस के 10 वर्षों के शासनकाल के दौरान शांति, खुशहाली व अमन के साथ हुए विकास के दम पर ही कांग्रेस की फिर से सत्ता में वापसी होगी। जहां तक पार्टी में गुटबाजी का सवाल है तो ये केवल व्यक्तिगत वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, मगर कांग्रेस की विचारधारा को लेकर पार्टी के सभी नेता एकजुट हैं और आने वाले समय में मजबूत तरीके से पार्टी एकजुटता का परिचय देते हुए प्रदेश के लोगों को मजबूत विकल्प प्रदान करेगी।

सवाल: राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस का क्या भविष्य देखते हैं?
जवाब: राहुल गांधी सरल, सच्चे व सुलझे व्यक्ति हैं। उनमें कांग्रेस को मजबूत करने के साथ देश को अखंड रखने की क्षमता है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार देश में मजबूत हो रही है और आने वाले समय में पार्टी लोगों के बीच मजबूती से अपना पक्ष रखते हुए सत्ता में निश्चित तौर पर वापसी करेगी

सवाल: हरियाणा में 2019 के चुनाव में क्या राजनीतिक परिदृश्य देखते हैं?
जवाब: नि:संदेह 2019 में कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी व भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी व सभी 10 सीटें जीतेगी। भाजपा व इनैलो का पर्दे के पीछे चल रहा गठबंधन पूरी तरह से नकारा जाएगा। हम चुनाव के साथ लोगों का दिल भी जीतेंगे।

सवाल: विकास के दावों व चुनावी घोषणाओं को पूरा करने पर क्या राय है?
जवाब: विकास के दावे व चुनावी घोषणाएं पूरी करने की बातें झूठी हैं। हर बात में झूठ बोलना आदत है। प्रजातंत्र में झूठ बड़ा अपराध है। ये लोग झूठ पर झूठ बोलते जा रहे हैं, क्योंकि इन्हें पता है फिर से सत्ता में नहीं आना। भाजपा ने 156 वायदे किए थे। एक भी पूरा नहीं किया। बेरोजगारों को 9 हजार व 6 हजार रुपए भत्ता देने का जो वायदा किया था, उसे पूरा किया हो तो बता दें। ये जुमलेबाजों की पार्टी है और हर चीज को जुमला ही समझती है, मगर देश व प्रदेश के लोग इन्हें भी अच्छी तरह से अगले चुनाव में इनकी हैसियत बता देंगे। जहां तक विकास का सवाल है तो हरियाणा में कोई नया बड़ा प्रोजैक्ट शुरू करना तो दूर उलटा हरियाणा में स्थापित मारुति व होंडा उद्योगों को भी गुजरात में स्थानांरित कर दिया गया है।

सवाल: क्या हरियाणा में भी पंजाब पैट्रर्न पर कांग्रेस मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करेगी?
जवाब: इस सवाल पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि यह कांग्रेस हाईकमान का विशेषाधिकार है। मगर इतना अवश्य कहूंगा कि कांग्रेस पार्टी पर मुझे भरोसा अवश्य है कि पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप सही समय पर सही फैसला लेगी।

सवाल: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की रथयात्रा के बारे में क्या कहेंगे?
जवाब: निश्चित तौर पर दूसरे चरण की यह रथयात्रा मई माह में रणभूमि पानीपत से शुरू होगी और भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में चलने वाली रथयात्रा प्रदेश की राजनीति में निर्णायक साबित होगी। यह बदलाव का नया अध्याय लिखने के साथ-साथ प्रदेश में भाईचारे, खुशहाली, अमन व विकास का संदेश देते हुए कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाएगी।

सवाल: क्या आप मानते हैं कि अगले चुनाव में जाट व गैरजाट का मुद्दा प्रभावी रहेगा?
जवाब: ऐसा कोई मुद्दा ही नहीं। यह तो कुछ स्वार्थी राजनीतिक लोगों की ओर से प्रदेश के भाईचारे व सद्भाव को खराब करने के लिए दुष्प्रचार किया जा रहा है। हम इस अखंड हरियाणा के भाईचारे व शांति को भंग नहीं होने देंगे। चाहे हमें कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।

सवाल: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर दर्ज केसों का आपके भविष्य पर क्या असर होगा?
जवाब: हुड्डा साहब के खिलाफ दर्ज सभी मामले झूठे व बेबुनियाद हैं। यह आम लोग भी जानते हैं। राजनीतिक दुर्भावना से दर्ज मामले भाजपा शासकों के झूठ व घमंड का परिचायक हैं। हुड्डा साहब की मजबूत हो रही स्थिति से डरकर यह केस दर्ज हुए। भाजपा को इस मामले में मुंह की खानी पड़ेगी। हम न झुकेंगे, न डरेंगे।

सवाल: आपकी माता आशा हुड्डा को सी.एम. प्रोजैक्ट करने के वायरल मैसेज पर क्या कहेंगे?
जवाब: यह सब तथ्यहीन बातें हैं व इस प्रकार की अफवाहों पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं।
 

Deepak Paul