Haryana: शादी के बंधन में बंधी अनाथ करिश्मा, DC ने किया कन्यादान, करिश्माई तरीके से हुई करिश्मा की शादी

2/3/2024 10:38:51 AM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : अनाथ आश्रम में पली पढ़ी एक लड़की करिश्मा शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गई। खास बात यह रही कि इस शादी का तमाम इंतजाम जिला प्रशासन की ओर से किया गया। सेशन जज नीरला कुलवंत व डीसी अजय कुमार ने शादी में पहुंचकर आशीर्वाद दिया। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष रंजीता मेहता भी शादी समारोह में पहुंची। वहीं बीजेपी नेता अजय खुंडिया दुल्हन के मामा बनकर शादी में आए।



बताया जा रहा है कि करिश्मा जब 2 साल की थी तो उसके परिजन उसे लावारिस हालत में छोड़ गए थे, जहां से वह अनाथालय पहुंच गई। आज करिश्मा दुल्हन बन गई है। करिश्मा की परवरिश बहादुरगढ़ और रोहतक के बाल भवन में हुई है। करिश्मा की शादी पर पूरा रोहतक प्रशासन सहयोग कर रहा है। रोहतक के उपायुक्त अजय कुमार ने करिश्मा का कन्यादान किया है। वहीं प्रशासन द्वारा किए गए शादी के इंतजाम से करिश्मा काफी खुश है। 

इंजीनियर दूल्हे से हुई अनाथ करिश्मा की शादी

करिश्मा ने कहा कि उसका घर बाल भवन है और प्रशासन उसके परिवार के सदस्य हैं। सभी ने उसकी शादी के लिए सहयोग किया है इसलिए उसे उसके परिजन याद नहीं आ रहे हैं। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि यह बहुत पवित्र मौका है और उनके हाथों से एक अनाथ  का कन्यादान हुआ है। बाल विकास विभाग की अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने करिश्मा के दूल्हे के लिए बाकायदा अखबार में इश्तहार दिया था। अनाथ करिश्मा का दूल्हा इंजीनियर है और वह भी करिश्मा से शादी कर काफी खुश है।

करिश्मा ने खुद ही चुना अपना दूल्हा

रोहतक उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि आज रोहतक स्थित बाल भवन में एक अनाथ बच्ची की शादी है जिसमें बाल भवन के कर्मचारी और रोहतक प्रशासन के अन्य कर्मचारी, सामाजिक संगठन  सहयोग कर रहे हैं और वह काफी खुश हैं। करिश्मा का पालन पोषण बाल भवन में ही हुआ है और वह प्लस टू की छात्रा है। करिश्मा ने खुद ही अपना दूल्हा चुना है। इस शादी में शामिल होकर वह और प्रशासन के अन्य कर्मचारी और अधिकारी काफी खुश हैं।


बाल विकास विभाग की चेयरपर्सन रंजीता मेहता ने बताया कि करिश्मा दो साल की थी। जब वह बहादुरगढ़ अनाथालय में पहुंची थी, उसके बाद उसका पालन पोषण बहादुरगढ़ के अलावा रोहतक बाल भवन में किया गया। आज उसकी शादी है। शादी से पहले कानूनी तौर पर सारी प्रक्रिया अपनाई गई हैं। करिश्मा की इच्छा के अनुसार उसकी शादी तय की गई और अखबार में इश्तहार दिया गया जिसमें से पांच लड़कों ने करिश्मा से शादी करने की इच्छा व्यक्त की थी। पांचो में से करिश्मा ने निक्कू को अपना दूल्हा चुना है और वह पेशे से इंजीनियर है।

अजय खुंडिया ने निभाई करिश्मा के मामा की भूमिका 

भारतीय जनता पार्टी एस सी  मोर्चे के प्रदेश सचिव अजय खुंडिया ने करिश्मा के मामा की भूमिका निभाई है और करिश्मा की शादी में भात की रस्म अदा की है। इस पावन मौके पर वह रस्म अदाकार काफी खुश है। वहीं करिश्मा ने कहा कि उसने बाल भवन के अधिकारियों से अपनी शादी की इच्छा व्यक्त की थी और उसने अपना दूल्हा खुद चुना है। वह आज अपनी शादी के मौके पर काफी खुश है। प्रशासन द्वारा किए गए शादी के प्रबंध से उसे अपने परिजनों की याद नहीं आ रही है।



वहीं करिश्मा ने कहा कि उसने बाल भवन के अधिकारियों से अपनी शादी की इच्छा व्यक्त की थी और उसने अपना दूल्हा खुद चुना है। वह आज अपनी शादी के मौके पर काफी खुश है। प्रशासन द्वारा किए गए शादी के प्रबंध से उसे अपने परिजनों की याद नहीं आ रही है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana