ओ.एस.डी. से हटे भूपेंद्र को बनाया कान्फैड का चेयरमैन

2018-05-29T06:06:27.703

चंडीगढ़(पांडेय): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ओ.एस.डी. (निवास) पद से हटाए गए कैप्टन भूपेंद्र सिंह को अब सरकार ने नई जिम्मेदारी दे दी है। भूपेंद्र को कान्फैड (फैडरेशन ऑफ कंज्यूमर को-आप्रेटिव होलसेल स्टोर लिमिटेड) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

सूत्रों की मानें तो कैप्टन भूपेंद्र नई जिम्मेदारी से खुश तो नहीं है लेकिन ओ.एस.डी. पद से हटने के तुरंत बाद ही चेयरमैन पद पर नियुक्ति करने से उनके समर्थकों में थोड़ी खुशी जरूर नजर आई है। चर्चाओं पर यकीन करें तो कै. भूपेंद्र हिसार  के नलवा में अपनी सियासी जमीन तलाश रहे हैं और वह आगामी विधानसभा के लिए तैयारी कर रहे हैं।

मय्यड़ निवासी कै. भूपेंद्र सेना में रहते विशिष्ट सेवाओं के लिए वीरचक्र से सम्मानित होने के साथ ही उनका परिवार लंबे समय से भाजपा और संघ से जुड़ा है। वह खुद भी लंबे समय से पार्टी में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। यही वजह है कि ओ.एस.डी. के पद से इस्तीफा देते ही उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी गई। खट्टर सरकार में ओ.एस.डी. को चेयरमैन बनाने की परंपरा पुरानी है।

सबसे पहले जवाहर यादव को ओ.एस.डी. पद से हटाकर हाऊसिंग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था। उसके बाद जगदीश चोपड़ा को भी हटाकर बाद में पर्यटन निगम का चेयरमैन बनाया गया। चेयरमैन के नाते चोपड़ा की खास गतिविधियां सामने नहीं आ रही हैं। खट्टर सरकार के 3 साल के अंदर ओ.एस.डी. व आई.आर.ए.एस. अफसर विजय शर्मा और ओ.एस.डी. मीडिया राजकुमार भारद्वाज की भी विदाई हो चुकी है।

Content Writer

Rakhi Yadav