हमारी पीढ़ी ने पाक के 2 टुकड़े किए थे, अगली पीढ़ी 4 करे : जनरल बख्शी

11/21/2018 11:47:27 AM

सोनीपत(पवन राठी): जनरल मेजर जी.डी. बख्शी ने कहा कि हमारा इतिहास ऐसा रहा है कि हम हमेशा अपनी फूट के कारण ही दूसरों का शिकार होते रहे हैं। फूट का फायदा उठाकर बाहरी ताकतों ने हिंदुस्तान को कमजोर किया लेकिन अब देश को एक होना पड़ेगा। पाकिस्तान जैसे दुश्मन को सबक सिखाने के लिए उसे जवाब देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी ने पाकिस्तान के 2 टुकड़े किए थे। अब वे भावी पीढ़ी से उम्मीद करते हैं कि वे पाकिस्तान के 4 टुकड़े कर दें।

जनरल बख्शी मंगलवार को सोनीपत के गेटवे स्कूल में आयोजित वायस ऑफ यूनिटी कार्यक्रम के दौरान एकत्रित हुए 12,500 विद्यार्थियों को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय मंत्री कविता जैन व सी.एम. के मीडिया सलाहकार राजीव जैन मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन परमवीर वंदन के तहत किया गया था। जनरल बख्शी ने कहा कि जरूरत संगठित होकर काम करने की है। 

उन्होंने कहा कि राफेल के नाम पर बिना बात ही हो-हल्ला हो रहा है। भारतीय सेना को तोप मिलने में बोफॉर्स मिलने में 30 साल लग गए। लड़ाकू विमानों के मामले में भी हालात ऐसे ही हैं। एयरफोर्स विमानों की कमी को झेल रही है। जल्द ही विमान एयरफोर्स में शामिल होने चाहिए। हरियाणा व पंजाब के सबसे ज्यादा जवान शहीद होते हैं। हथियार अच्छे हों तो हमारे जवान और अधिक ताकत से लड़ सकते हैं। 


 

Rakhi Yadav