सबसे बडे ऑक्सीजन उत्पादक देश भारत में आज ऑक्सीजन की कमी: पवन बंसल

5/1/2021 4:20:30 PM

चंडीगड़(चन्द्र शेखर धरणी):  कोरोना की पहली वेब जब कम हुई तो उस वक्त भी सरकार के सीरो सर्वे में इस बीमारी के द्वारा भयंकर रूप से लौटने की सूचना थी। लेकिन सरकार खुशफहमी में चली गई। इन्होंने बड़े क्लेम करने शुरू कर दिए कि सब कुछ जीत लिया है। हमारा देश विश्व में सबसे ज्यादा ऑक्सीजन बनाने वाला देश है उसके बावजूद  हमारे देश में ऑक्सीजन की कमी से  लोग मर रहे हैं। जो ऑक्सीजन 45 सो मीट्रिक टन आए साल निर्यात की जाती थी। वह पिछले साल 9300 मीट्रिक टन निर्यात की गई। इस कारण से इतनी बुरी किल्लत आज देश के सामने आई है। इसी ऑक्सीजन के कारण बहुत बड़ी तादाद में लोग अपनी जान गवा रहे हैं। परिवार त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। यह बात आज पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान पूर्व रेल मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने कही।

 बंसल ने कहा कि ऑक्सीजन न होने के कारण अगर किसी की मृत्यु हो तो यह कितनी बड़ी नाकामयाबी है। अपने देश से मोमबत्तियां जलवाई, तालियां बजवाई। क्या इस दिन के लिए यह सब कुछ किया गया था। इतने हालात बिगड़ने की जिम्मेदार साफ तौर पर केंद्र सरकार है। सरकार द्वारा इसके लिए तैयारी नहीं की गई। सिर्फ दूसरों पर उंगली उठाने के अलावा कुछ काम नहीं किया गया। लोकतंत्र का मतलब 5 साल बाद केवल 1 वोट डाल देना ही नहीं होता। आज ऑक्सीजन नहीं, बेड नहीं, वेंटिलेटर नहीं। आखिर लोग जाएंगे कहां। केवल लॉकडाउन की सोच रखना अच्छा तरीका नहीं है। सरकार के कारण व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी है। केंद्र सरकार ने वैक्सीन के अलग-अलग रेट रखे हैं। वन नेशन में वन कीमत क्यों नहीं है। मेरा मानना है कि सरकार को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करने की बजाय 18 साल से ऊपर की उम्र के सभी लोगों को वैक्सीनेशन करना चाहिए। क्योंकि रजिस्ट्रेशन की शर्त के बाद बहुत से गरीब लोग जिनके पास ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा नहीं है वह इससे वंचित रह जाएंगे।

 इस मौके पर पवन बंसल ने कहा कि आज देश के ऊपर बहुत बड़ी आपदा है, इमरजेंसी है, महामारी फैली हुई है। आपातकाल जैसे हालात हैं। लाखों की संख्या में रोजाना लोग संक्रमित हो रहे हैं। लेकिन सरकार लोगों के आगे कई शर्ते रखे हुए हैं। केंद्र सरकार को टोटली वैक्सीनेशन फ्री करनी चाहिए। जिस प्रकार से सक्षम लोगों ने अपनी मर्जी से एलपीजी की सब्सिडी छोड़ी। उसी प्रकार से इसमें भी लोगों को इस बात की छूट होनी चाहिए। सरकार द्वारा वैक्सीनेशन का जिम्मा टोटली अपने ऊपर लेकर इसे फ्री कर देना चाहिए। हम मानते हैं कि एकदम अस्पताल नहीं बन सकते। लेकिन एक्स्ट्रा बेड का इंतजाम होना चाहिए। सरकार को प्राइम मिनिस्टर केयर फंड पूरी तरह से खोल देना चाहिए। यह इसी प्रकार की एमरजैंसी के लिए ही बनाया था। वैक्सीन और ऑक्सीजन इत्यादि पर आज बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Isha