एशिया की प्रमुख चीका अनाज मंडी में धान की आवक ने पकड़ा जोर, 3100 रुपए प्रति क्विंटल बिकी 1509 किस्म

punjabkesari.in Tuesday, Sep 17, 2024 - 06:29 PM (IST)

गुहला-चीका: एशिया की प्रमुख चीका अनाज मंडी में धान का सीजन शुरू हो चुका है और इस वक्त मंडी में जहां बारीक धान 1509 की आवक जोर पकड़ रही है, वहीं पी.आर. किस्म 26 धान की आवक भी शुरू हो गई है। मंडी से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार आज 1509 किस्म धान 2500 से 3100 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी, जोकि राइस मिल मालिकों द्वारा खरीदी जा रही है। इसी तरह पी.आर.-126 धान 1500 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बिकी, जिसको प्राइवेट राइस मिल मालिकों द्वारा खरीदा जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार मंडी में इस वक्त आने वाला धान सरकारी मापदंडों से कोसों दूर है जिसमें नमी की काफी मात्रा है। उम्मीद जताई जा रही है आगामी 2-2 दिन में धान की आवक और जोर पकड़ेगी तथा खरीद में तेजी आने के आसार भी नजर आ रहे हैं, क्योंकि अधिकतर राइस मिल मालिकों की यह सोच है कि श्राद्ध शुरू होने से पहले जहां खरीद शुरू की जाए, वहीं राइस मिल को भी चालू किया जाना जरूरी है।

किसानों रामफल, जसविंद्र सिंह, सतीश कुमार, जसबीर सिंह, राजेश कुमार, हरदेव सिंह, कश्मीर सिंह, महेंद्र सिंह आदि ने  कहा कि गत वर्ष की अपेक्षा धान के भाव काफी कम हैं। पिछले वर्ष जो धान 3500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका था, आज वही धान 2500 से 3100 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा है, जिससे उनको काफी घाटा  हो रहा है। जिन किसानों ने जमीन ठेके पर लेकर धान की बिजाई की हुई है, वे आज काफी घाटे की मार झेल रहे हैं।  किसानों ने बताया कि जब मंडी में धान की आवक तेज हो जाएगी तो धान के भाव में और मंदी आने के आसार हैं। किसान की फसल का लागत मूल्य तब पूरा होगा, जब उसका धान सरकारी समर्थन मूल्य पर बिकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static