धान खरीद पर बवाल, सड़कों पर उतरे धरती पुत्र, रोड जाम कर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

9/30/2020 4:38:31 PM

डेस्क: कृषि कानूनों के विरोध के बीच अब हरियाणा में किसानों ने मंडियों में धान की खरीद न होने से सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन शुरु कर दिए हैं। बुधवार को भी अनाज मंडियों में धान की खरीद नहीं हो पाई। जिसके बाज किसानों और आढ़तियों ने रोड जाम कर दिए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंचकूला में बरवाला व रायपुर रानी की अनाज मंडियों के गेट पर किसानों ने ताला जड़ दिया। वहीं पानीपत में किसानों और आढ़तियों ने मार्केट कमेटी के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके साथ करनाल, अंबाला और जींद आदि में किसानों ने अपने ट्रैक्टर बीच रोड पर खड़ा कर जाम लगा दिया। 



हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 27 तारीख से धान की फसल खरीद की ट्वीट कर घोषणा की थी, लेकिन जींद जिले में हालात इसके विपरीत है। जब किसानों को उनकी बारी के अनुसार फोन पर मैसेज भेजकर जींद की नई अनाज मंडी में बुलाया गया तो पूरा दिन किसानों की फसल नहीं खरीदी गई। किसान सारा दिन अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई खरीद एजेंसी सामने नहीं आई। आखिरकार किसानों ने धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को मंडी सचिव के दफ्तर के सामने खड़ी कर जाम लगा दिया। मामले की सूचना पाकर जिले की सुरक्षा एजेंसिया और अधिकारी मौके पर पहुंचे।



किसानों ने अंबाला हिसार मार्ग जाम किया
कृषि कानूनों को लेकर जारी विरोध के बीच अब किसान धान की फसल की खरीद को लेकर धरने पर आ गए हैं। अंबाला में किसानों ने अंबाला हिसार मार्ग को जाम कर धरना प्रदर्शन किया। किसानों की मांग है कि उनकी फसल की खरीद अच्छे से शुरू की जानी चाहिए। क्योंकि काफी दिनों से उन्हें फसल की राखी मंडी में भी करनी पड़ रही है।



किसानों का कहना है कि उनका यह चक्का जाम अनिश्चित काल के लिए है, जब तक उनकी फसल की खरीद अच्छे से शुरु नहीं हो जाती। वहीं किसानों ने आरोप भी लगाया कि अधिकारियों ने उनसे अभी तक बातचीत भी नहीं की। उन्होंने आने वाले दिनों में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रेल मार्ग रोकने की चेतावनी भी दी।



ब्रह्मानंद चौक पर करीब 1 घण्टे तक जाम लगाया
करनाल में धान खरीद नहीं होने से नाराज किसानों व आढ़तियों ने आज ब्रह्मानंद चौक पर करीब 1 घण्टे तक जाम लगाया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका। किसानों ने कहा बिना तैयारी के सरकार ने धान की खरीद को शुरू कर दिया है। लेकिन हमारी फसल को मंडी में कोई भी खरीद नहीं रहा।

vinod kumar