मंडियों में धान आना हुआ शुरू, शेड में भरी हुई है पुराने स्टाक की गेहूं की बोरियां

9/23/2021 10:53:43 AM

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): हरियाणा की मंडियों में धान की खरीद 25 सितंबर से शुरू किए जाने के आदेश हैं। लेकिन यमुनानगर की अनाज मंडियों में धान रखने की जगह ही नहीं है। जिला की 8 अनाज मंडियों में लाखों क्विंटल गेहूं पिछले साल का शेड के नीचे पड़ा हुआ है। जिसके चलते किसानों व आढ़तियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यमुनानगर के जिला सचिवालय के सामने स्थित जगाधरी अनाज मंडी की हालत आप देख सकते हैं। मंडी में सभी शेड गेहूं से की बोरियों से भरे हुए हैं। किसानों द्वारा धान मंडी में लाना शुरू किया गया है। वही मौसम के बदलाव के चलते वर्षा भी किसानों व आढ़तियों को परेशान करने लगी है। मंडी में आया धान भीग रहा है उसे सुरक्षित रखने के लिए शेड नहीं है। आढ़तियों का कहना है कि जब तक मंडियों से गेहूं का उठान नहीं होगा तब तक व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। आढ़तियों का यह भी कहना है कि मंडियों में गेहूं के उठान के साथ-साथ अन्य कई तरह की दिक्कतें हैं जिन्हें प्रशासन को अवगत कराया गया है। वही उपायुक्त पार्थ गुप्ता का कहना है कि मंडियों में धान की खरीद सरकार ने तय करनी है। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को उन्होंने जो रिपोर्ट ली थी उसके मुताबिक 8 मंडियों में 82000 मिट्रिक टन गेहूं का स्टॉक था। जिसमें से 25000 मिट्रिक टन गेहूं उठ ली गई है। इस महीने के अंत तक 25 हजार मिट्रिक  टन गेहूं और उठा ली जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को सभी तरह की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

 मंडियों में जब तक गेहूं का उठान नहीं होता तब तक व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल सकती। अभी मौसम वर्षा का चल रहा है धान आने पर वह भीग रहा है, क्योंकि शेड में रखने के लिए जगह नहीं है। इसीलिए किसान व आढ़ती बार-बार गेहूं की उठान के लिए सरकार से आग्रह कर रहे हैं। देखना होगा कब तक उठान होगा और कब तक धान की खरीद सही तरीके से शुरू हो पाएगी।

Content Writer

Isha