हरियाणा में बढ़ा विरोध, कुरुक्षेत्र सहित इन जिलों में नहीं दिखाई जाएगी 'पद्मावत'(Video)

1/25/2018 11:52:48 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावत का पहला शो आज हरियाणा के बहादुरगढ़, सिरसा अौर सोनीपत में शुरू हो गया है। वहीं सीएम सिटी करनाल, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र अौर गुरुग्राम में फिल्म नहीं दिखाई जाएगी। हालांकि जींद में फिल्म के प्रदर्शन पर असमंजस की स्थिति है। वहीं प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। सिनेमाघरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया हुआ है। हरियाणा के 10 से अधिक जिलों में धारा-144 लगाई गई है। कई जगहों पर ड्यूटी मेजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। 

बताया जा रहा है कि पुलिस ने हरियाणा में आर्म्ड पुलिस की 3000  बिटालियन जिलों में तैनात की है। आधिकारियों ने बटालिन को आदेश दिए हैं कि किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। हरियाणा में रोहतक, चरखी दादरी, सिरसा, भिवानी, रेवाड़ी, सहित कई जिलों में 25 जनवरी तक धारा 144 लागू रहेगी। 

कुरुक्षेत्र के कैसल मॉल में फिल्म दिखाने के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। इस मॉल में पिछले दिनों तोड़फोड़ की गई थी। वहीं गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल में भी फिल्म नहीं दिखाई जाएगी। सिनेमा घर के बाहर नोटिस लगा दिया गया है। जबकि गुरुग्राम के कई मल्टीप्लेक्स में पद्मावत फिल्म दिखाई जाएगी।