सरकार की कमजोरी के कारण हुई डीएसपी की दर्दनाक हत्या :  आफताब अहमद

7/21/2022 3:53:45 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): नूह विधानसभा क्षेत्र में डीएसपी सुरेंद्र सिंह विश्नोई की खनन माफियाओं द्वारा की गई दर्दनाक हत्या पर नूह के कांग्रेसी विधायक आफताब अहमद ने सरकार की कार्यशैली पर  उंगली उठाते हुए घटना पर बेहद दुख जताया है। उन्होंने  इस घटना के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग सरकार से की है। अहमद ने कहा कि डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए देश पर जान न्योछावर कर गए और अवैध माइनिंग कर रहे तस्करों की इतनी हिम्मत सरकार की कमजोरी के कारण हुई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में यमुनानगर, पलवल और भिवानी के डॉडल क्षेत्रों में भी खनन के नाम पर बड़ा घोटाला हो रहा है। जिसकी आवाज सदैव विपक्ष ने विधानसभा पटल पर भी उठाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं पिछले विधानसभा सत्र में प्रशन उठाया था। लेकिन सरकार किसी भी तरह से इस पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं कर पाई। जिस कारण से आज इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया।

अफताब अहमद ने कहा कि आज प्रदेश में केवल खनन माफियाओं के ही नहीं सभी प्रकार के अपराधियों के हौसले पूरी तरह से बुलंद है। किसी भी शरारती तत्वों को कानून व्यवस्था का डर नहीं रहा। आमजन तो दूर की बात आज विधायकों को भी धमकियां मिल रही हैं। लेकिन आज तक संतोषजनक कार्रवाई या जवाब सरकार द्वारा सामने नहीं आया। हरियाणा के हालात बेहद गंभीर हैं। इस घटना के बाद सरकार को कड़ा संज्ञान लेते हुए छोटी मछलियों की बजाय बड़े मगरमच्छों जिन्हें सत्तासीन लोगों और अधिकारियों के संरक्षण प्राप्त है, उनकी जांच होनी चाहिए और उन्हें भी जेल की सलाखों के पीछे डालना चाहिए। डीएसपी के दोषी हत्यारों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अहमद ने कहा कि आज पूरे राज्य में कहीं भी सरकार की सक्रियता नहीं नजर आ रही। इस घटना की जवाबदेही सरकार की है और सरकार को अपनी कार्रवाई सार्वजनिक करनी चाहिए और बड़े कदम उठाने चाहिए।
 

Content Writer

Isha