Palwal : सड़क हादसे में चाची-भतीजे की मौत, अंतिम संस्कार से लौट रहे थे घर, तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 05:11 PM (IST)
पलवल : पलवल जिले में नूंह-होडल मार्ग पर सौंध गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से जहां बाइक के परखच्चे उड़ गए, वहीं बाइक सवार चाची-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मुंडकटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान चाची साकरा और भतीजा तुषार के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि वह अपने भाई तुषार, चाची साकरा, उनके दो बच्चों और चाचा जंग मोहम्मद के साथ बुजुर्ग की मौत पर शोक व्यक्त कर 2 अलग-अलग बाइकों में घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल तुषार और चाची साकरा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मुंडकटी थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)