पलवल पुलिस का बड़ा एक्शन; 4 दिन के अंदर बैक टू बैक तीसरा एनकाउंटर किया, लूटकांड का वांछित आरोपी काबू
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 02:34 PM (IST)
पलवल (दिनेश सहरावत) : पलवल CIA टीम को अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों 11 मार्च को दिल्ली-बड़ौदरा एक्सप्रेस-वे पर एक व्यापारी से हुई 30 किलो चादी और 8 लाख रुपये लूट मामले के मुख्य आरोपी मुस्तकीम को टीम ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पलवल DSP क्राइम अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार को इस बाबत गुप्त सूचना मिली थी। उसके बाद रात की ही पृथला-दूधौला रोड पर गश्त व अपराध रोकथाम हेतु उनकी टीम मौजूद थी। लूट कांड का वांछित आरोपी मुस्तकीम निवासी कोसीकला, यूपी का रहने वाला अवैध हथियार के साथ पृथला-छपरौला रोड पर स्थित बनी की झाड़ियों के पास किसी साथी के इंतजार में खड़ा था और किसी अन्य संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
सीआईए टीम द्वार तुरंत एक रेडिंग पार्टी तैयार कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां खड़े आरोपी ने सरकारी गाड़ी को पहचान लिया और बनी की झाड़ियों की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसे घेरकर काबू करना चाहा, तो आरोपी मुस्तकीम ने अपना अवैध देशी कट्टा निकालकर सीधे ASI लक्ष्मन सिंह पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। ASI लक्ष्मन सिंह ने तुरंत नीचे बैठकर अपनी जान बचाई, गोली उनके बाएं कान के पास से गुजर गई।
पुलिस टीम द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने हथियार लोड करके पुलिस पार्टी पर दोबारा फायरिंग की। इसके बाद, ए.एस.आई. लक्ष्मन सिंह ने सरकारी पिस्टल से हवाई फायर करते हुए पुनः चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं माना तो पुलिस टीम ने अपनी आत्मरक्षा और टीम की सुरक्षा में सिखाए गए नियमों के अनुसार आरोपी को काबू करने के लिए उसके पैरों की तरफ निशाना साधकर गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया और उसे काबू किया गया।
फिलहाल बदमाश को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे अब तक करीब 20 किलोग्राम चांदी, 70 हजार रूपये तथा वारदात में प्रयुक्त कट्टा व मोटरसाइकिल, गाड़ी इको व स्विफ्ट डिजायर बरामद की जा चुकी हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)