हथियारों की रील डालना पड़ा भारी, ''ऑपरेशन लगाम'' के तहत पलवल पुलिस ने दर्ज किए 6 केस; 1,000 रील और पोस्ट हटाए
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 12:27 PM (IST)
पलवल : हरियाणा के पलवल में 'ऑपरेशन लगाम' के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया पर "गैंगस्टर संस्कृति" को बढ़ावा देने और हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप में छह मामले दर्ज किए हैं।
सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जिसके तहत अब तक 38 सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को परामर्श दिया गया है और लगभग 1,000 रील और पोस्ट हटाए गए हैं। पलवल के पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि सड़कों पर उपद्रव रोकने के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्होंने पिछले 40 दिन में अवैध लाल-नीली बत्तियों, काली फिल्म वाली खिड़कियों, प्रेशर हॉर्न, बुलेट पटाखा साइलेंसर, शराब पीकर गाड़ी चलाने और बिना नंबर प्लेट के गाड़ी चलाने के लिए 8,050 लोगों पर जुर्माना लगाया है।
बयान के अनुसार, जिले में अपराध, गुंडागर्दी और सोशल मीडिया में अमर्यादित आचरण पर अंकुश के लिए एक विशेष कार्य योजना लागू की गई है, जिसके तहत 'ऑपरेशन लगाम' शुरू किया गया है। अग्रवाल ने कहा, "पलवल में सोशल मीडिया हो या सड़क- किसी भी तरह की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों पर अंकुश के लिए 'ऑपरेशन लगाम' के तहत विशेष प्रकोष्ठ और स्वाट टीमें गठित की गई हैं। पलवल पुलिस का सोशल मीडिया निगरानी प्रकोष्ठ 24 घंटे सक्रिय है। इंस्टाग्राम, फेसबुक या किसी भी अन्य मंच पर हथियार प्रदर्शित करने या गोलीबारी आदि के मामले में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"