पलवल : चाइना डोर की चपेट में आने से युवक जख्मी, हाथ पर लगे टांके
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 03:52 PM (IST)
पलवल (गुरुदत्ता गर्ग) : गांव पिंगोड़ से बघोला स्थित कंपनी में ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार युवक की गर्दन में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बस अड्डे के पास चाइनीज मांझा फंस गया। युवक ने समय रहते हाथ से मांझा हटाकर अपनी जान बचाई।
हालांकि मांझे से उसका हाथ कट गया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के बाद साथियों ने घायल युवक को सरकारी अस्पताल पलवल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में करीब तीन टांके लगाए। उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया। पलवल के गांव पिंगोड निवासी युवक मनोज कुमार ने बताया कि वह आज सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहा था। अचानक मांझा उसकी गर्दन में आकर फंस गया। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत हाथ से मांझा हटाया। इस दौरान मांझा उसके हाथ में उलझ गया, जिससे हाथ कट गया।

चाइनीज मांझे पर प्रशासन की ओर से पाबंदी के बावजूद इसके इस्तेमाल और बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। खुले में उड़ने वाला यह मांझा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बाजारों में इसकी बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।