पंच कमल मात्र कार्यालय नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का मंदिर है: मनोहर लाल

8/20/2022 9:19:40 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला स्थित भाजपा के पंच कमल कार्यालय के लोकार्पण पर बधाई देते हुए कहा कि यह भवन एक कार्यालय मात्र नहीं है। यह कार्यकर्ता की जी-जान, खून पसीने, मन के ज्ञान , उत्साह व उमंग से बैठकर काम करने की जगह है। पार्टी का हर कार्यकर्ता आगे बढ़ाने के लिए दिन रात कड़ी मेहनत करता है। उनके लिए यह कार्यालय एक मंदिर के समान है।

 

2019 में रक्षा मंत्री ने ही कालका से शुरू की थी जन आशीर्वाद यात्रा

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनाथ सिंह ने पंचकूला के कालका से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया था। अब हम दूसरी पारी को बेखूबी व शानदार तरीके से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और आज पंच कमल कार्यालय का उद्घाटन किया है, जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनकड़ के नेतृत्व में पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। वह दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रदेश के 22 जिलों में कार्यालय व प्रदेश स्तर के कार्यालय भी बनाए जा रहे हैं। जल्द ही रोहतक कार्यालय का काम भी पूरा हो जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जो व्यक्ति के हिसाब से नहीं बल्कि एक सिद्धांत, विचारधारा से चलती है। पार्टी को आगे बढ़ाने में कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत है। भाजपा पार्टी का इतिहास बहुत पुराना है।

 

पांच ‘क’ पर काम करती है बीजेपी- मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पार्टी पांच ‘क’ पर काम करती है। भारतीय जनता पार्टी पार्टी के पांच ‘क’ तय है, जिसमें कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय,कार्य पद्धति और कोष है। इसी रूप में पार्टी आगे बढ़ती है उन्होंने कहा कि हमारा ‘क’ कमल भी जो हमारी पार्टी का चुनाव चिन्ह है। मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह व नाम बहुत ही सोच समझकर और विचारों से रखा गया है। उन्होंने कहा कि कमल कीचड़ में खिलता है। जब कमल खिलता है तो एक नया संदेश देता है। कमल पवित्र होता है, कमल का बीज और जड़ पानी को साफ भी करता है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan