पंचायत सदस्य ने ठेकेदार पर लगाए विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप, CM विंडो पर की शिकायत
punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2023 - 11:06 AM (IST)
टोहाना (सुशील सिंग्ला) : उपमंडल के गांव कन्हड़ी के पंचायत सदस्य ने सीएम विंडो में शिकायत कर गांव के रहने वाले ठेकेदार पर विकास कार्यो में गडबड़ी के आरोप लगाए हैं। पंचायत सदस्य का आरोप है कि विभाग ने चार काम उक्त ठेकेदार को दिए क्योंकि वह पंचायत मंत्री का वोटर बताया गया है, लेकिन काम में कोताही को सहन नहीं किया जाएगा। इसलिए शिकायत सीएम विंडो में दी गई है। अब पंचायत राज के अधिकारी जांच के बाद काम को ठीक करवाने की बात कर रहे हैं। क्या पहले किसी अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच नहीं की ? तो इस प्रश्न का अधिकारी जबाव नहीं दे पाए।
जानकारी अनुसार पंचायत सदस्य मनप्रीत सिंह ने बताया कि लोहाखेडा रोड से धीरा के मकान तक सड़क का निर्माण किया गया है। जिसमें तीन नंबर बिल्कुल ही घटिया स्तर की सामग्री का प्रयोग किया गया है। उसने बताया कि गांव के राजकीय स्कूल में रास्ता पक्का किया गया लेकिन वह भी धंस चुकी है। क्योंकि ठेकेदार द्वारा स्टोल मेटल का प्रयोग नहीं किया गया है। स्कूल की चाहरदीवारी के साथ जो ब्लॉक लगाई गई थी वह भी उखड़ गई है। गांव के महिला मंडल भवन व हनुमान मंदिर भवन में जो शेड लगाया गया है उसमें घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि शेड के फाउंडेशन में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। उसने कहा कि पंचायत मंत्री का वोटर होते हुए ठेकेदार को काम दिया गया है लेकिन वह घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहा है। इसलिए उसने सीएम विंडो पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
खण्ड पंचायत विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव कन्हड़ी में खेत का रास्ता मनरेगा से बनाया गया है। जिसमें गुणवत्ता में कमी की शिकायत आई थी। जिसकी जांच के लिए एसडीओ को कहा गया है, काम को ठीक करने के बाद ही पेमेंट की जाएगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)