20 लाख रुपए की ग्रांट की हेरा-फेरी करने के मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव गिरफ्तार

11/21/2021 8:35:11 AM

हिसार : उकलाना थाना पुलिस ने गांव मुगलपुरा के तत्कालीन पंचायत सचिव राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी अब उकलाना की चौबीसी कॉलोनी में रहता है। उसने अग्रिम जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, मगर राहत नहीं मिली थी। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेंद्र सिंह ने सचिव पद पर रहते हुए तत्कालीन सरपंच के साथ मिलकर 20 लाख रुपए से ज्यादा की सरकारी ग्रांट की हेरा-फेरी और पंचायती कार्यों में धोखाधड़ी की थी। 

पुलिस ने पूर्व सरपंच सुरेश को करीब 4 महीने पहले गिरफ्तार कर लिया था। पंचायती जमीन की निशानदेही के लिए जनवरी 2017 को 35 हजार रुपए का चैक ग्राम सचिव सुशील कुमार ने लिखा था, लेकिन चैक जारी नहीं किया गया। सुशील कुमार के सर्कल में तबादले के बाद नियुक्त ग्राम सचिव राजेन्द्र सिंह ने सुशील कुमार द्वारा लिखे हुए प्रस्ताव में बैंक का नाम व रकम में बदलाव करके 35 हजार की जगह 90 हजार लिखकर चैक पीछे की तारीख में जारी कर दिया। मगर उस तारीख को राजेंद्र ग्राम सचिव नहीं था। 

गांव मुगलपुरा के शैलेंद्र सिंह ने साल 2017 में तत्कालीन सरपंच सुरेश व ग्राम सचिव राजेंद्र पर पंचायती कार्यों में हेरा-फेरी का आरोप लगाकर जिला प्रशासन को शिकायत दी थी। प्रशासन ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए थे, जिसमें दोषी पाए जाने के बाद सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ 18 अगस्त 2018 को उकलाना थाना में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने तब से फरार चल रहे आरोपी राजेन्द्र को शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana