गोलियों की तड़तड़ाहट ने दहलाया पानीपत, शराब ठेकेदार ने पार्टनर को गोली मारी; बचाने आए दोस्त पर भी तानी पिस्तौल
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 05:14 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत जिले के मतलौडा क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक पर शराब ठेकेदार ने सरेआम गोली चला दी। गांव अटावला के रहने वाले अंशुल नाम के युवक पर उसके ही परिचित सोनू नरवाल ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घायल अंशुल ने मतलौडा थाना को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अंशुल ने बताया कि 10 जून की शाम करीब 6 बजे उसने पैसों के लेन-देन के हिसाब-किताब के सिलसिले में सोनू नरवाल निवासी गांव जोशी को फोन किया था। उस समय सोनू ने खुद को सफीदों में होना बताया और अंशुल को वहीं बुला लिया। अंशुल अपने दो दोस्तों- बिट्टू निवासी गांव नारा और अमन निवासी गांव रायपुर, सोनीपत के साथ बिट्टू की फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर करीब एक घंटे बाद सफीदों पहुंच गया। वहां पहुंचने पर सोनू ने कहा कि सफीदों के बजाय मतलौडा स्थित उसके ऑफिस (नरवाल कॉम्प्लेक्स) पर चलकर तसल्ली से हिसाब करते हैं।
बातचीत करने के लिए फॉर्च्यूनर में बैठे थे
अंशुल अपने दोस्तों के साथ रात करीब 7:30 बजे मतलौडा के नरवाल कॉम्प्लेक्स पहुंच गया। कुछ देर बाद सोनू नरवाल भी अपनी गाड़ी से वहां आया। सोनू अपनी गाड़ी से उतरा और बातचीत करने के लिए अंशुल और उसके दोस्तों के साथ उनकी फॉर्च्यूनर कार के अंदर आकर बैठ गया।
हाथ मारने से पैर में गोली लगी
कार में बैठते ही जब अंशुल ने पैसों के हिसाब-किताब की बात शुरू की, तो सोनू नरवाल अचानक गुस्से से आग बबूला हो गया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी पिस्तौल निकाल ली और सबसे पहले अंशुल के दोस्त अमन पर तान दी। जब अंशुल ने इसका विरोध किया, तो सोनू ने कहा, तेरा अभी हिसाब करता हूं। इतना कहते ही उसने अंशुल पर जान से मारने की नीयत से सीधे गोली चला दी। अंशुल ने अपनी जान बचाने के लिए फुर्ती दिखाते हुए सोनू की पिस्तौल पर हाथ मारा, जिसके कारण गोली का निशाना चूक गया और वह सीधे अंशुल के पैर में जा धंसी। गोली लगते ही कार के भीतर चीख-पुकार मच गई।
दोस्तों ने बचाई जान, आरोपी फरार
गोली चलने के बाद जब दोस्त बिट्टू ने सोनू को टोकते हुए कहा कि उसने यह क्या कर दिया, तो आरोपी सोनू ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और बिट्टू की तरफ पिस्तौल तान दी। इसी बीच दूसरे दोस्त अमन ने बहादुरी दिखाते हुए सोनू के हाथ पर वार किया, जिससे पिस्तौल कार के नीचे फर्श पर गिर गई। इसके बाद आरोपी सोनू ने नीचे गिरी हुई पिस्तौल को उठाया और तीनों को दोबारा जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले में जांच कर रही है।