पानीपत : भांजे के जन्म पर डांस करते-करते मामा की मौत, औंधे मुंह गिरे और निकल गई जान; खुशियों में पसर गया मातम
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 03:26 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत के गांव सैदापुर निवासी गुलखान की अपने भांजे के जन्म की खुशियां मनाते समय अचानक मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना अहर गांव की है, जहां वह अपनी बहन के घर आयोजित समारोह में शामिल होने गए थे। परिवार में नवजात के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन कुछ ही पलों में यह खुशी मातम में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान गुलखान अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ खुशी-खुशी डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह वहीं गिर पड़े। परिजन उन्हें संभालने के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता नानू ने बताया कि बहन के घर बेटे के जन्म से गुलखान बेहद खुश था। वह उनसे पैसे लेकर अपनी बहन के घर अहर गांव गया था, ताकि इस खुशी में शामिल हो सके। किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह समारोह उसके जीवन का आखिरी पल साबित होगा। जिस घर में कुछ देर पहले ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, वहीं अचानक चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार, गुलखान को पहले किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। अचानक सीने में दर्द उठने के बाद उनकी मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया।