चार्जशीट से हुआ बड़ा खुलासा, जज को हनीट्रैप में फंसाकर सुनीता ने लीक करवाया था पेपर

1/6/2018 12:42:57 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा में 109 जजों की भर्ती के लिए हुए एग्जाम का पेपर हाईकोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार अौर एडिशनल सेशन जज बलविंदर कुमार शर्मा ने ही लीक किया था। उसने महिला वकील सुनीता के हनी ट्रैप में फंसकर पेपर लीक किया था। शुक्रवार को जिला अदालत में दायर चार्जशीट में चंडीगढ़ पुलिस ने यह दावा किया है। इसके मुताबिक सुनीता से मिलने के लिए जज कई बार सेक्टर-18 के मंदिर स्थित उसके कमरे पर भी गया। मंदिर में ही उसने सुनीता को पेपर दिया, जो आगे 10-10 लाख रु. तक में बेचा गया। एसआई ने हाईकोर्ट में 2140 पेजों की चार्जशीट सौंपी है जिसमें 35 गवाह, सुनीता अौर बलविंदर के क्लोज रिलेशन के बारे में बताया है। फिलहाल जज अौर सुनीता जेल में हैं। 

जज ने खुद सुनीता को पेपर दिए थे
चार्जशीट के मुताबिक जज बलविंदर सेक्टर 18 के सनातम धर्म मंदिर में सुनीता से मिलने गया था। यहां पर वह अकेली रहती थी। यहीं पर जज ने सुनीता को उसके पास होने के लिए पेपर दिया और खुद चला गया। इसके बाद सुनीता ने आगे पेपर लीक किया। 

सीक्रेट नंबर पर हुई 1100 बार बात 
जज सुनीता के बीच जिस सीक्रेट नंबर से बातचीत होती थी, पुलिस ने वह भी ढूंढ लिया है। इस नंबर की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन भी चार्जशीट में लगाई हैं। दोनों के बीच करीब 1100 बार बातचीत हुई। ऑफिशियल नंबर पर भी 700 बार बातचीत हुई है। 

उल्लेखनीय है कि पिंजौर की वकील सुमन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि पेपर डेढ़ करोड़ में बिका है। उसने सुशीला नाम की लड़की से लेक्चर की ऑडियो क्लिप मांगी थी, लेकिन उसने गलती से सुनीता के साथ बातचीत की ऑडियो भेज दी। इसमें पेपर को लेकर बातचीत थी। हाईकोर्ट ने जांच शुरू की तो पता चला कि तत्कालीन रिक्रूटमेंट रजिस्ट्रार बलविंदर कुमार शर्मा के फोन से सालभर में 760 बार सुनीता से बात हुई थी। सुनीता ने ही एग्जाम टॉप भी किया। बाद में कोर्ट ने परीक्षा रद्द कर दी। 

चार्जशीट दायर न होती तो सुनीता को मिल जाती जमानत
आरोपी की गिरफ्तारी के 60 दिन के भीतर चार्जशीट दायर करना जरूरी है। सुनीता की गिरफ्तारी के 60 दिन 7 जनवरी को पूरे हो रहे हैं। शनिवार तक चार्जशीट दायर नहीं होती तो रविवार को उसे जमानत मिल जाती। इसलिए चंडीगढ़ पुलिस ने जल्दबाजी में चार्जशीट दायर कर दी। इसमें दो ही आरोपी बताए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि जांच अभी अधूरी है। कई और आरोपी जुड़ सकते हैं।