प्रदेश में पहली बार पेपरलैस बजट, टैबलेट लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री, निभाई वित्त मंत्री की भूमिका

3/6/2020 9:02:43 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा में पहली बार पेपरलैस बजट पेश किया गया। यह कीर्तिमान टैबलेट लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री की भूमिका में स्थापित किया। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने विधायकों को आधुनिक तकनीक से जुडऩे का आह्वान करते हुए कहा कि विधानसभा की कार्यवाही संबंधी समस्त जानकारी लैपटॉप पर उपलब्ध होगी जिससे कार्य क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। गत वर्ष के बजट सत्र का रिकार्ड तोड़ते हुए ज्यादा सीटिंग और सभी विधायकों को बोलने का मौका प्रदान करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

सत्र के दौरान कुल 5 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए गए। बजट सत्र के दौरान कुल 10 बैठकें हुई, जिनमें 41 घंटे 27 मिनट का समय सत्र की कार्यवाही के लिए दिया गया। राज्यपाल के अभिभाषण पर 4 दिन तक चर्चा हुई, जिसमें भाजपा के 16 और जजपा के 8 विधायकों ने भाग लिया। भाजपा विधायकों ने 169, जजपा विधायकों ने 63 और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 101 मिनट का समय लिया।

सत्ता पक्ष के 24 विधायकों और मुख्यमंत्री ने 333 मिनट (5 घंटे 33 मिनट) का समय लिया। अभिभाषण पर चर्चा के लिए कांग्रेस के 11 विधायकों ने 163 मिनट, 7 निर्दलीय ने 40 मिनट, इनैलो के एक विधायक ने 19 मिनट का समय लिया। यानि विपक्ष और आजाद विधायकों को कुल 3 घंटे 42 मिनट का समय दिया गया। 

Isha