किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए जींद पहुंचा अर्धसैनिक बल, पुलिस प्रशासन हुुआ अलर्ट

2/9/2024 1:22:30 PM

जींद: किसान संगठनों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच पर जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसके चलते पुलिस ने जिले में चार स्थान पर नाकेबंदी कर किसानों को रोकने की तैयारी की है। प्रशासन ने जिले में अर्धसैनिक बल की छह और हरियाणा पुलिस की चार कंपनियां बुलाई हैं। इसमें पंजाब सीमा पर दातासिंह वाला, उझाना, डूमरखा के पास नरवाना कैंची मोड़ व पौली गांव में यह फोर्स तैनात की गई है, ताकि इन संगठनों को दिल्ली कूच से रोका जा सके।

पुलिस की नाकेबंदी की तैयारियों को देखने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि पंजाब से ज्यादा किसानों के आने की उम्मीद है। इन किसानों को हरियाणा में प्रवेश करने से पहले ही रोकने की तैयारी है, ताकि यह गत आंदोलन की तरह दिल्ली में डेरा न डाल सकें।  

किसान संगठनों की चेतावनी को लेकर पंजाब से सटे क्षेत्र में सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया गया है। किसान संगठनों ने एमएसपी, मुआवजा 2021-22, 2023 बिजली बिल माफ, कर्ज मुक्ति, लखीमपुर खीरी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन की घोषणा की है। इसमें हरियाणा से सात संगठन, पंजाब के दस संगठन के शामिल होने की उम्मीद है।

Content Writer

Isha