हरियाणा सरकार के दावे फेल, डॉक्टरों की कमी के कारण परेशान हो रहे मरीज

6/10/2017 5:28:55 PM

पानीपत(अनिल कुमार):हरियाणा सरकार जहां बड़े-बड़े दावे कर रही है कि जिले के सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी और खाली पड़ी जगहों को भरा जाएगा।वहीं पानीपत के सामान्य अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के चलते मरीज परेशान हो रहे हैं।  

मरीजों का कहना है कि सुबह 7:00 और 8:00 बजे आने के बावजूद भी दोपहर तक डॉक्टर नहीं मिलते। कई डॉक्टर तो छुट्टी पर जा चुके हैं और कुछ का यहां से तबादला हो चुका है। जो डॉक्टर ड्यूटी पर हैं वे सुबह ऑपरेशन थिएटर में या कचहरियों के चक्कर काटने की वजह से मरीजों को नहीं देख पाते। 

मेडिकल सुपरिटेंडेंट आलोक जैन का कहना है कि यहां कुल मिलाकर 36 डॉक्टर हैं। जिनमें 5 का ताबादला हो चुका है और 6 डॉक्टर लंबी छुट्टी पर चल रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि 700 से 800 से मरीजों को कैसे देखते हैं तो उन्होंने कहा कि बस जुगाड़ कर रहे हैं। डॉक्टरों को इधर से उधर, उधर से  इधर कर ड्यूटी लगाकर काम चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम कई बार सरकार को लिख चुके हैं कि यहां डॉक्टरों की कमी है उसे पूरा किया जाए। लेकिन सरकार ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। जहां केंद्र और राज्य सरकारें स्वास्थ्य को लेकर गंभीर नजर आती हैं, वहीं पानीपत का सामान्य अस्पताल डॉक्टरों की कमी को झेल रहा है।