महिलाकर्मियों की मैटरनिटी लीव की तरह पुरूषों को मिलेगी पैटरनिटी लीव

6/3/2018 9:05:14 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा सरकार ने महिलाकर्मिंयों की मैटरनिटी लीव के साथ-साथ पुरूष कर्मियों को भी 15 दिनों की पैटरनिटी लीव देने और महिला पुलिस सिपाहियों की संख्या 11 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत लाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने आज रोहतक में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पुलिस, जेबीटी व अन्य पदों पर नियुक्त किए गए कर्मचारियों से सीधे संवाद के तहत बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने गोहाना की शिक्षिका ममता के सवाल पर कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए भी सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। सरकार ने महिलाकर्मिंयों की मैटरनिटी लीव के साथ-साथ पुरूष कर्मियों को भी 15 दिनों की पैटरनिटी लीव देने का निर्णय लिया है। पात्र अध्यापक संघ के प्रधान राजेंद्र शर्मा ने भी कर्मचारियों की कई मांगों पर विचार करने और अब तक लिये गए निर्णयों के प्रति दरियादिली दिखाने पर मुख्यंमत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने जेबीटी नरेंद्र दहिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस सरकार ने बदले की भावना से कोई कार्य नहीं किया है। बल्कि पिछली सरकारों में चयनित हुए उम्मीदवारों को नौकरी देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार में नियुक्त हुए जेबीटी के अलावा 2002 में इनेलो सरकार में चयनित एचसीएस को भी नियुक्ति देने का कार्य किया है। यह सब सरकार की पारदर्शी नीति के तहत, हरियाणा एक-हरियाणवीं एक, सबका साथ-सबका विकास और पूरे प्रदेश को एक परिवार मानकर कार्य किया है।

चरखीदादरी के सरपंच सोमेश के सवा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पुलिस में महिलाओं की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया। ताकि पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़े और अपराध पर भी अंकुश लगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 1200 महिलाओं को पुलिस में भर्ती किया जायेगा। इस प्रकार, पुलिस में महिलाओं की संख्या 11 प्रतिशत हो जायेगी और आगे इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत ले जाने का निर्णय किया है।

Shivam