जिला पार्षद की गिरफ्तारी पर लोगों ने NH किया जाम, 3 घंटे फंसे रहे हजारों वाहन

8/19/2017 9:12:59 AM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी):घरौंडा में हुए तनाव के बाद लोगों द्वारा जी.टी. रोड पर लगाए जाम के बाद दिल्ली से पानीपत के रास्ते चंडीगढ़ व पंजाब जाने वाले यातायात के रूट बदले जा रहें हैं, जिसके चलते पुलिस को कड़ी मुशक्कत करनी पड़ रही है। कई किलोमीटर लम्बा जाम लगा हुआ है। पानीपत के स्थानीय लोगों को भी गोहाना रोड से अंदर भेजा जा रहा है। 

जानिए क्या है मामला 
जिला पार्षद की गिरफ्तारी को लेकर गांव पुंडरी के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जिसके चलते ग्रामीणों ने पुलिस व थाने पर पथराव करते हुए हमला बोल दिया। पथराव में पुलिस स्टेशन व थाने में खड़े वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने बचाव में दर्जन भर राउंड फायर किए। पुलिस की हवाई फायरिंग के बाद गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने ओवरब्रिज व सर्विस लेन पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही डी.एस.पी.राजकुमार वालिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचें और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी जिला पार्षद को छोड़े जाने की मांग पर अडिग थे। लगभग 3 घंटे तक नेशनल हाइवे जाम लगने से हजारों वाहन जाम में फंस गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रदर्शनकारियों को शांत कर जाम खुलवाने की कोशिश में जुटी हुई थी। 

गौरतलब है कि गत दिनों बिजली निगम ने गांव पुंडरी में मीटर बाहर लगाने का अभियान शुरू किया था। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था और बिजलीकर्मियों के साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद बाद बिजली निगम की शिकायत पर घरौंडा पुलिस ने पुंडरी गाँव के करीब दो सौ ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में शुक्रवार को जिला पुलिस ने पुंडरी गांव के जिला पार्षद दीपक त्यागी को नई अनाज मंडी से गिरफ्तार कर लिया। जिला पार्षद की गिरफ्तारी की भनक लगते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने घरौंडा थाने की और कूच कर दिया। थाने में ग्रामीणों व पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में थाने में खड़े लगभग तीन वाहनों के शीशे टुट गए तथा पुलिस स्टेशन के खिड़की दरवाजे भी पथराव में टूटे। बताया जा रहा है कि इस पथराव में एक होमगार्ड को भी चोंटे आई है। पुलिस ने अपने बचाव व लोगो को खदेड़ने के लिए करीब दर्जन भर हवाई फायर किए। फायरिंग के बाद ग्रामीण ओर ज्यादा आक्रोशित हो गए और नेशनल हाइवे नं. 1 पर जाम लगा दिया। 

आधा दर्जन कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
जिस समय ग्रामीणों ने हमला किया उस समय थाने में लगभग आधा दर्जन कर्मचारी ही मौजूद थे। तभी सैंकड़ों ग्रामीणों ने अचानक दावा बोल दिया। पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक ग्रामीणों की तरफ से पथराव शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने अपनी जान पर खेलकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, लेकिन स्थित गंभीर होता देख पुलिस को अन्य रास्तों से भागकर अपनी जान बचाई। 

3 घंटे जाम सुलझाती रही पुलिस
जिला पार्षद की गिरफ्तारी को लेकर आक्रोशित भीड़ ने लगभग 3 घंटे तक नेशनल हाइवे जाम रहा। समाचार लिखे जाने तक हाइवे पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। जिससे लगभग 4-5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वाहन चालकों को जाम के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों ने गतंव्यों तक पहुंचने के लिए लोकल मार्गो का रूख अपनाना पड़ा। करनाल में बसताड़ा के पास व पानीपत की तरफ बड़ौली के पास पुलिस ने वाहनों को डाइवर्ट कर दिया। जाम खुलवाने के लिए डीएसपी राजकुमार वालिया प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास करते रहे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग थे। 

कई मामले है दर्ज
जिला पार्षद पर बिजली मीटर बाहर लगाने न देने, हाईवे जाम करने व अन्य कई मामले दर्ज है। जिसको लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिला पार्षद को शुक्रवार को नई अनाज मंडी से गिरफ्तार किया। 

फोर्स बुलाई, जाम में फंसे
मामला ज्यादा बढ़ता देख पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी, लेकिन लंबा जाम होने के साथ पुलिस फोर्स भी जाम में फंस गई और समय  पर थाने में नही पहुंच पाई। डी.एस.पी. राजकुमार वालिया ने बताया कि किसी मामले में जिला पार्षद को गिरफ्तार कर लिया था। ग्रामीण उसको छोडऩे की मांग को लेकर अड़े हुए है और उन्होंने हाईवे को जाम कर दिया है। पुलिस व थाने पर पथराव किया है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि ग्रामीणों को उनकी मांगें पूरी करने का भी आश्वासन दिया गया है। लेकिन ग्रामीण अपनी बात पर अडिग है।