विदेशों से आए लोगों को नहीं आमजन की चिंता, बढ़ा रहे संक्रमण का खतरा

3/28/2020 9:48:23 AM

अम्बाला शहर (कोचर) : विदेशों में कोरोना वायरस से बचने के लिए अपने देश में पहुंचे देशवासियों को अब आमजन की बिल्कुल भी ङ्क्षचता नहीं है। विदेशों से अपने घरों में लौटे इन लोगों को प्रशासन की ओर से इस वायरस का प्रभाव कम नहीं हो जाने तक घरों में रहने के आदेश दिए हुए हैं। बाकायदा प्रशासन ने इन लोगों को आइसोलेट करने के साथ ही इनके घरों के बाहर नोटिस तक चस्पाए हुए हैं लेकिन इसके बावजूद यह लोग सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं कई लोगों ने तो बेइज्जती के डर से घर के बाहर लगे प्रशासनिक आदेशों के पोस्टरों को ही फाड़ दिया है। 

वहीं कई लोग विदेशों से घर तो वापस आ गए हैं और उनके परिजनों ने उनके बारे में प्रशासन या फिर स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देना तक जरूरी नहीं समझा है। यही कारण है कि प्रशासन ने अब इन लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है और इसी कड़ी में पिछले 2 दिनों में 17 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कई आरोपियों को तो गिरफ्तार तक कर लिया है। 

दरअसल, जिले में कई लोगों ने अपने घरों में विदेशों से लौटे परिजनों के बारे में प्रशासन या फिर स्वास्थ्य विभाग को सूचना तक देना जरूरी नहीं समझा। हालांकि केंद्र सरकार द्वारा सभी जिलों में विदेशों से लौटे लोगों की सूची वहां के प्रशासन के पास भेज दी है। इसी सूची के आधार पर प्रशासन ने भी इन लोगों को घरों में ही आइसोलेट करते हुए इनके घरों के बाहर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। साथ ही आस पड़ोस वाले लोगों को भी इन नोटिस चस्पा किए घर में जाने से भी इंकार कर दिया है। साथ ही आदेश दिए है कि अगर विदेश से आया कोई भी व्यक्ति घर से बाहर कहीं भी घूमता दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या फिर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दे। 

महेशनगर व कैंट सदर में इन पर दर्ज किया केस 
छावनी के महेशनगर थाने में न्यू टैगोर गार्डन निवासी भूपेंद्र सिंह वालिया के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह कुछ दिन पहले ही विदेश से आया था और इसके घर पर 14 अप्रैल तक बाहर नहीं निकलने का नोटिस लगाया गया था लेकिन इसने नोटिस फाड़ दिया और अपने जानकारों के घर पर घूमता फिर रहा था। इस बारे में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद सब इंस्पैक्टर बलकार की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

इसी तरह से कैंट सदर थाने में सिविल सर्जन डा. कुलदीप सिंह की शिकायत पर किरण पाल निवासी लक्ष्मी नगर अम्बाला शहर के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना न देकर गुमराह किया। इसी तरह से निरूला सलोनी के पिता ने पोस्टर फाड़ दिया था। बोह के दलीपगढ़ निवासी सौरभ अरोड़ा विदेश से आने के बाद घर के बाहर दुकान में काम कर रहा था। जबकि मॉडल टाऊन निवासी वरिंद्र व हीरा नगर विपिन भाटिया ने अपने घर के बाहर से पोस्टर ही फाड़ दिया।

इनके खिलाफ भी आई.पी.सी. एक्ट 188, 271 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी तरह से थाना बलदेव नगर के क्षेत्र में हरियाणा सरकार के आदेशों की अवहेलना करने पर लॉकडाऊन के दौरान अज्ञात आरोपी के बिना किसी आवश्यक कार्य के गलियों में घूमने को लेकर भेजी गई वीडियो के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया है। इसी तरह से बलदेव नगर थाने में किरण प्रीत निवासी लक्ष्मीनगर समेत अन्य के खिलाफ बिना किसी कार्य के ही गलियों में घूमने पर केस दर्ज किया गया है।

Isha