ठंड से ठिठुरे चरखी दादरी के लोग, शीतलहर की वजह से घर से निकलना हुआ मुश्किल

1/13/2024 1:18:48 PM

चरखी दादरी (पुनीत) : चरखी दादरी में कोहरे का टार्चर अभी जारी रहने वाला हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी घना कोहरा और कोल्ड डे की संभावना जताई है। वहीं चरखी दादरी का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही तापमान गिरने, कड़ाके की ठंड पड़ने और शीतलहर चलने से दादरी जिले में सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। 

लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में क्षेत्र में पहले कभी इस तरह ठंड का प्रकोप नहीं देखा। शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। गिरता पारा जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच चुका है। वहीं खेतों और गांवों में तापमान इससे भी कम रहा। घनी धुंध व हाड़ कंपाने वाली ठंड से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैं। रात के समय ठंड बढ़ने, तापमान गिरने से पाला पड़ने की संभावनाएं भी जताई जाने लगी है।

पिछले दिनों से लेकर दिनभर घनी धुंध छाई रहने से वाहन चालकों को काफी मुश्किलों को सामना करना पड़ा। धुंध ज्यादा होने के चलते चालकों ने अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़े करके धुंध कम होने के बाद ही चलना मुनासिब समझा। धुंध के चलते 8 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। घनी धुंध का असर परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा। रात्रिकालीन व जल्द सुबह चलने वाली बस व रेल सेवाएं अपने निर्धारित समय से अपने गंतव्य तक काफी विलंब से आ जा रही है। इससे मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana