हरियाणा की जनता का गठबंधन सरकार से मोह भंग : अभय चौटाला

7/2/2020 8:47:22 AM

पिहोवा (रामपाल) : इनैलो पार्टी अब लगातार मजबूत राजनीतिक दल के रूप में उभर रही है। चुनाव के समय हमारे कुछ साथियों को सत्ता का लालच दिखाकर बहकाने का कार्य किया गया परंतु अब हमारे सभी साथियों के अलावा भाजपा व कांग्रेस के कार्यकत्र्ता भी इनैलो में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए दिन-प्रतिदिन भारी मात्रा में शामिल हो रहे हैं। उपरोक्त शब्द मंगलवार देर सायं ऐलनाबाद से इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने मॉडल टाऊन पिहोवा में इनैलो युवा के जिलाध्यक्ष राजू रामगढ़ रोड के निवास पर कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का गठबंधन सरकार से मोह भंग हो चुका है। बड़ौदा उपचुनाव में इनैलो उम्मीदवार भारी मतों से जीतेगा और भाजपा-जजपा गठबंधन अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएगा। चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में नशा तस्करी सरकार में बैठे लोग सरेआम करवा रहे हैं और प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। जब इस सरकार में पुलिस थाने में ही पुलिस सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों को सुरक्षा कहां से मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में भ्रष्टाचार की सी.बी.आई. या किसी अन्य एजैंसी से जांच करवाई जाए तो प्रदेश की पूरी सरकार भ्रष्टाचार में शामिल मिलेगी।

Edited By

Manisha rana