भाजपा हर क्षेत्र में विफल, बिजली-पानी से जनता परेशान: तंवर

7/3/2018 11:30:24 AM

करनाल(सरोए): प्रदेश में बिजली-पानी संकट गहराने के विरोध में कांग्रेसियों ने भगवान वाल्मीकि चौक पर सांकेतिक तौर पर मटका फोड़ ट्यूब तोड़ प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर गरजते हुए कहा कि सरकार हर क्षेत्र में विफल हो चुकी है। हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को दे दिया। भाखड़ा डैम में भी पानी की स्थिति ठीक नहीं है। यही नहीं बिजली का संकट भी बना हुआ है। इसी के विरोध में सी.एम. के विधानसभा क्षेत्र में मटका फोड़ ट्यूब तोड़ प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के सर्वे में आया कि 80 से 90 प्रतिशत विधायकों-सांसदों के टिकट बदलने की जरूरत है जिससे साफ संकेत है कि प्रदेश में गैर जिम्मेदाराना नेतृत्व में बना हुआ है। उसी नेतृत्व ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया। उन्होंने सी.एम. से पूछा कि सर्वे में उनका नाम भी शामिल है या नहीं। जनता को सच्चाई बतानी चाहिए। सी.एम. सहित कई बड़े नेता भी चुनाव हारेंगे। सी.एम. बनने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो संघर्ष करेगा, जनता जिसे आशीर्वाद देगी और जिसे हाईकमान का कहेगा लेकिन अब यह कोई मुद्दा नहीं है।

19 जुलाई को साइकिल यात्रा का तीसरा चरण गढ़ी सांपला किलोई से लेकर कलानौर तक सी.एम. के गांव भी साइकिल यात्रा जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नवम्बर माह में लोकसभा के चुनाव होंगे। चुनावों में जनता प्रदेश के साथ धोखा करने वालों व लूटने वालों का सफाया करेगी। बिजली निगम एस.ई. ए.के. रहेजा ने बताया कि जिले में बिजली की कोई समस्या नहीं है, सभी को पर्याप्त बिजली मिल रही है। 

Deepak Paul