घंटों लिफ्ट में फंसे रहे दर्जनों लोग, पुलिस ने लिफ्ट के शीशे तोड़कर निकाला बाहर

8/1/2017 11:15:14 AM

गुड़गांव (राशि मनचंदा):पुलिस की छवि को लेकर लोग भले ही कई तरह की बातें करें, लेकिन गुड़गांव पुलिस ने ऐसा साहसिक कार्य किया है जिसे जानकार आप भी हैरत में पड़ जाएंगे। लिफ्ट में फंसे करीब डेढ़ दर्जन लोगों को पुलिस रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लिफ्ट में फंसे लोगों में महिलाएं भी थीं। लिफ्ट में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण कई महिला व पुरुष बेहोशी की कगार पर पहुंच गए थे। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जाती है। शहर के सेक्टर-53 स्थित साउथ प्वाइंट मॉल की लिफ्ट में करीब 20 लोग थे और इस दौरान लिफ्ट अचानक फंस गई। 

लिफ्ट में एक घंटे तक लोग फंसे रहे और उनकी सांसे अटकी रहीं। लिफ्ट में महिलाएं भी थीं जो बेहोशी की कगार पर थीं। इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था। करीब रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में मैसेज आया कि सेक्टर-53 स्थित साउथ प्वाइंट मॉल की लिफ्ट में करीब 20 लोग हैं जिसमें महिलाएं भी हैं। ये लिफ्ट फंस गई है। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल और ए.एस.आई. जसवंत फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंंच गए। लिफ्ट ऐसी जगह फंसी हुई थी कि वहां से लोगों को निकालना बेहद मुश्किल था। पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक सीढ़ी का इंतजाम किया और मॉल के पीछे साइड से दीवार के सहारे पुलिस पहुंंची। दीवार के शीशे को हथौड़े से तोड़कर पुलिस अंदर गई और लिफ्ट के शीशे को बड़े सुरक्षित ढंग से तोड़ा। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस को काफी मुसीबतें भी झेलनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लिफ्ट में फंसे 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लिफ्ट फंसने के कारण कई महिलाएं बेहोशी की कगार पर थी।