पालतू कुत्ते और बिल्ली को पीट-पीट कर मार डाला, आरोपी युवक गिरफ्तार

10/24/2021 8:22:46 AM

गुडग़ांव (ब्यूरो) : शहर के डी.एल.एफ. फेज-3 इलाके में किराए पर रह रहे एक युवक द्वारा पालतू कुत्ते और बिल्ली को मारने का मामला सामने आया है। उसके फ्लैट से एक कुत्ता एवं एक बिल्ली का शव बरामद किया गया। वह एक अन्य बिल्ली को भी मारने का प्रयास कर रहा था लेकिन पड़ोसी ने उसे बचा लिया। 

सूचना मिलते ही डी.एल.एफ. फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान राज राय के रूप में की गई। वह मूल रूप से बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को स्थानीय निवासी सूरज सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर 3 बजे अपने फ्लैट की बालकनी में थे।

उसी दौरान देखा कि सामने के फ्लैट में रह रहा एक युवक कुत्ते और बिल्ली को मार रहा है। मारने के बाद दोनों को एक गत्ते में डाल दिया। फिर एक अन्य बिल्ली को लेकर बालकनी में पहुंचा और उसे मारने का प्रयास किया। तब तक उनकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। उन्होंने पुलिस की सहायता से एक बिल्ली को बचा लिया। सूरज सिंह की शिकायत पर राज राय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सूरज ने बताया कि इस घटना की सूचना उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को भी दी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana