बड़ी खबर: चंडीगढ़ PGI में हरियाणा के गंभीर मरीजों को स्टेबल होने की स्थिति में ही किया जाएगा दाखिल

12/12/2022 9:58:11 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आने वाले समय में पीजीआई चंडीगढ़ में हरियाणा के किसी भी जिले या क्षेत्र से आने वाले  क्रिटिकल मरीज़ों को स्टेबल होने की स्थिति में ही दाखिल किया जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि पीजीआई पर मरीजों की संख्या का भार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। दरअसल हरियाणा के प्राइवेट तथा सरकारी अस्पताल आजकल रेफरल हॉस्पिटल बने हुए है।

 

पीजीआई के डॉक्टरों की एक टीम सोमवार को हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से हरियाणा सचिवालय केंद्र स्थित उनके सरकारी दफ्तर में मिलने पहुंची। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने विज के सामने यह बताया कि कई मरीज हरियाणा के अस्पतालों में गंभीर अवस्था में दाखिल होते हैं तथा उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं होता। ऐसे मरीजों की गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई रेफर करना पड़ता है। अनिल विज ने इस पर कहा कि हरियाणा के सभी अस्पतालों में 2 लोगों को एंबुलेंस के साथ भेजा जाएगा। मीटिंग के दौरान एक मुद्दा और उभर कर सामने आया कि प्राइवेट हॉस्पिटल पैसे के चक्कर में मरीजों को पहले तो अस्पतालों में भर्ती रखते हैं और जब मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ जाती है तो उसे पीजीआई रेफर कर देते हैं। इस मामले में विज ने हरियाणा के सभी प्राइवेट अस्पतालों  के संचालकों से कहा कि वह मानव धर्म का पालन भी डॉक्टर होने के साथ-साथ करें तथा भविष्य में इन चीजों की पुनरावृत्ति हो उस पर रोक लगनी चाहिए।

 

 बता दें कि चंडीगढ़ स्थित पीजीआई संस्थान पर केवल हरियाणा ही नहीं पड़ोसी राज्य पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर व केंद्र शासित चंडीगढ़ के मरीजों का भी काफी प्रेशर रहता है। पीजीआई प्रशासन इस बात को लेकर दुखी नजर आया कि हरियाणा के कई अस्पताल चाहे वह सरकारी हो या प्राइवेट वह केवल रेफरल हॉस्पिटल बन गए हैं। पीजीआई को इस बात से कोई एतराज नहीं है कि गंभीर अवस्था में मरीज को यहां भेजा जाए। पीजीआई के ऊपर आम जनता का दिन-ब-दिन बढ़ता प्रेशर देखकर यह सुझाव पीजीआई के डॉक्टरों की तरफ से आया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आदेश जारी किया है कि हरियाणा के सभी अस्पतालों में केवल ट्रेंड कर्मचारी ही मरीजों को एंबुलेंस से उतारेंगे। बता दें कि विज को विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने के लिए भी जाना जाता है। इस मामले में भी कोई कोताही मिलने पर अनिल विज ने कड़ी कार्रवाई के भी संकेत दिए हैं। 

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan