पहली बार बनेगा पिंक बूथ

1/16/2019 9:31:23 AM

जींद (जसमेर मलिक): निर्वाचन आयोग प्रदेश में पहली बार एक नया प्रयोग जींद उप-चुनाव में करने जा रहा है। इसमें जींद शहर में एक मतदान केंद्र को पिंक बूथ का नाम दिया जाएगा। पिंक बूथ में केवल महिला कर्मचारी ही चुनावी ड्यूटी पर तैनात की जाएंगी। इसके अलावा शहर में एक ऐसा पोलिंग बूथ भी होगा जिसमें केवल दिव्यांग कर्मचारी ही चुनावी ड्यूटी पर लगाए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी अमित खत्री का कहना है कि 28 जनवरी को हो रहे जींद उप-चुनाव में जींद शहर में एक ऐसा पोलिंग बूथ बनाया जाएगा जिसमें केवल महिला कर्मचारी ही चुनावी ड्यूटी देंगी। इसके लिए 10 महिला कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी का खास प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभागों से महिला कर्मचारियों की सूची इस सिलसिले में मांगी गई है।

इनमें से 10 महिला कर्मचारियों का चयन कर उन्हें चुनावी ड्यूटी का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। इससे पहले कभी इस तरह का पिंक पोलिंग बूथ नहीं बनाया गया था। पिंक पोलिंग बूथ पर कोई भी पुरुष कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर नहीं होगा। यहां सुरक्षा में भी महिला पुलिस को ज्यादा संख्या में तैनात किया जाएगा। किसी महिला पुलिस अधिकारी की भी ऐसे बूथ पर तैनाती होगी।

Deepak Paul