वर्ल्ड गेम में भाग लेने के लिए इस खिलाड़ी को पैसों की जरूरत, सरकार से लगाई गुहार

8/23/2021 6:58:54 PM

सिरसा (सतनाम सिंह): पुर्तगाल में 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली वर्ल्ड गेम में भाग लेने के लिए इन दिनों सिरसा का एक दिव्यांग खिलाड़ी शासन और प्रशासन के आगे मदद की गुहार लगा रहा है। सिरसा के गांव भुरटवाला का निवासी ज्ञान सिंह जेवलिन थ्रो का खिलाड़ी है और देश के लिए कई बार मेडल भी जीत चुका है। अब ज्ञान सिंह को पुर्तगाल में आयोजित होने वाली वर्ल्ड गेम में भाग लेने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपयों की सख्त जरूरत है। ज्ञान सिंह एक गरीब परिवार से तालुकात रखता है और इतनी बड़ी पेमेंट का प्रबंध करना उसके लिए काफी मुश्किल हो रहा है। 

ज्ञान सिंह ने ऐलनाबाद हलके के जजपा नेताओं और जिला प्रशासन से भी आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी लेकिन अभी तक ज्ञान सिंह को कही से भी आर्थिक मदद नहीं मिली है। अब ज्ञान सिंह ने सरकार के साथ सूबे के खेल मंत्री संदीप सिंह से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। ज्ञान सिंह को डेढ़ लाख रुपए 24 अगस्त को जमा करवाने हैं। अगर 24 अगस्त तक ज्ञान सिंह ने पैसे जमा नहीं करवाए तो ज्ञान सिंह वर्ल्ड गेम से डिसक्वालिफाई हो जाएगा।  



बता दें कि जेवलिन थ्रो गेम में हरियाणा के केवल दो ही खिलाडिय़ों का चयन हुआ है, जिसमें से ज्ञान सिंह सिरसा जिला से हैं। ज्ञान सिंह के प्रदर्शन को देखते हुए हर कोई हैरान है। सिरसा जिला के खिलाड़ी ज्ञान सिंह का वर्ल्ड गेम में खेलने के लिए चयन हुआ है। वे 7 से 13 अक्टूबर तक पुर्तगाल में होने वाली इंटरनेशनल खेल प्रतियोगिता में हरियाणा की ओर से खेलेंगे। इससे पहले ज्ञान सिंह ने 3 मेडल जीते हैं और स्टेट में पांच मेडल और इंटरनेशनल में एक मेडल जीतने के बाद दूसरी बार ज्ञान सिंह को इंटरनेशनल गेमों में भाग लेने का मौका मिला है।

उपमंडल ऐलनाबाद के गांव भुरटवाला का निवासी ज्ञान सिंह बहुत गरीब परिवार से हैंं और गरीबी में जीवन यापन करने के बाद उसने गांव में खेल की तैयारी की। अक्टूबर माह की 7 तारीख से होने वाली इन गेमों में पुर्तगाल जाने का खर्चा 1 लाख 44 हजार रुपये है, जो कि वह उठाने में असमर्थ है।



दिव्यांग खिलाड़ी ज्ञान सिंह ने बताया कि वे 2014 से नेशनल और स्टेट गेम में भाग ले रहे हैं और स्टेट में पांच, नेशनल में तीन मेडल जीते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से कोरोना के कारण गेम नहीं हो पाई, लेकिन उन्होंने अपने गांव में पुर्तगाल वर्ल्ड गेम के लिए पूरी तैयारी की है। उन्होंने कहा कि उनका चयन अब पुर्तगाल में होने वाले वर्ल्ड गेम में हुआ है लेकिन वो गरीब होने के नाते इतनी बड़ी पेमेंट का प्रबंध नहीं कर सकते इसलिए उन्हें सरकार या फिर सामाजिक संस्था आर्थिक मदद दे। 

उन्होंने कहा कि अगर उन्हें आर्थिक मदद मिलती है तो वे पुर्तगाल की वर्ल्ड गेम में खेलकर देश के लिए मेडल जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कहा कि वे दिव्यांग खिलाड़ी है और वे सीटिंग के हिसाब से 32 मीटर ज्वैलिंग थ्रो करते हैं जो कि वर्ल्ड रिकॉर्ड के हिसाब से उनका चौथा रैंक है। उन्होंने कहा कि 24 अगस्त तक उनको डेढ़ लाख की पेमेंट जमा करवानी है और अगर 24 अगस्त तक उन्होंने पेमेंट जमा नहीं करवाई तो वे इस वर्ल्ड गेम से डिसक्वालिफाई हो जाएंगे।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam