आप कार्यकर्ताओं ने फूंका प्रधानमंत्री मोदी का पुतला (VIDEO)

2/25/2018 6:57:16 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): दिल्ली सरकार के मुख्यसचिव के साथ मारपीट मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर पुलिस कार्यवाही को लेकर आप कार्यकर्ताओं में रोष है। इसी रोष स्वरूप आज रोहतक में बस स्टैंड के पास प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नीरव मोदी जैसे घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्यवाही की जा रही है जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में आप पार्टी के कार्यकर्ता अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।



आप हरियाणा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुधीर यादव का कहना है कि केंद्र सरकार दिल्ली सरकार के खिलाफ तानाशाही रवैया अपना रही है। जिसे किसी भी कीमत पर आप कार्यकर्ता सहन नहीं करेंगे। एक छोटे से केस को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर पुलिस भेज कर ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि आप पार्टी देश की सबसे अलोकतांत्रिक पार्टी है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को खत्म करने की शाजिस केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। अरविंद केजरीवाल जनता द्वारा चुना हुए प्रतिनिधि हैं और जनता के लिए ही काम कर रहे हैं।



उन्होंने कहा कि यह सब इस लिए किया जा रहा है कि देश की जनता का ध्यान नीरव मोदी के घोटाले से हटाया जा सके। इसी के चलते आप पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष है और प्रधानमंत्री का पुतला जला कर अपना विरोध दर्ज करवाया है। पूरे प्रदेश में आप कार्यकर्ता हर जिला मुख्यलय पर इस तरह से ही अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।