हवा में बढ़ रहा जहर, डाक्टरों ने मास्क लगाकर बाहर निकलने की दी सलाह

10/31/2019 12:21:02 PM

सोनीपत: दीपावली की बाद प्रदूषण का स्तर सीजन में सबसे खराब स्थिति में पहुंच गया है। जिले में एयर क्वालिटी इंडैक्स 313 माइक्रोग्राम क्यूबिक मीटर पहुंच गया है, जो बहुत नुक्सानदायक होता है। लगातार बढ़ रहे एयर क्वालिटी इंडैक्स से चिंतित डाक्टरों ने लोगों को घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क लगाने की सलाह दी है।  दरअसल, दीपावली से पहले विभाग ने आतिशबाजी से दूर रहने की जिलावासियों को सलाह दी थी, बावजूद इसके जिलावासियों का सलाह पर कोई असर नहीं पड़ा। जिसके चलते जिले सहित एन.सी.आर. की आबोहवा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।

उसी का नतीजा है कि आज डाक्टरों ने जिलावासियों को सलाह दी है कि वे घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य पहनें। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार हवा की गुणवत्ता में आ रही गिरावट के पीछे का मुख्य कारण निर्माण कार्य से उडऩे वाली धूल, वाहनों से निकलने वाला धुआं, बारूद पटाखों का धुआं व पंजाब व हरियाणा से पराली जलने की घटना आदि है। मानना है कि उक्त कारणों के चलते धुआं और 2.5 माइक्रोमीटर से कम व्यास वाला कण हवा में शामिल होकर स्मॉग का रूप ले रहा है। 


10 नवम्बर तक हालात सुधरने का अनुमान
संबंधित विभाग के अधिकारियों की जानकारी के अनुसार स्मॉग के कारण हवा की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई है। दीपावली से पहले जहां हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर थी तो वहीं अब 5 से 10 किलोमीटर के बीच है। ऐसे में आसमान में स्मॉग की चादर बनी हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सब कुछ ठीक रहा तो 10 नवम्बर तक हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिसके चलते लोगों को प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिलेगी। 

कूड़ा जलाने की जगहों को चिन्हित कर कर्मचारी किए तैनात
शहर में कूड़े जलने की घटनाओं से परेशान नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए निर्णय लिया है कि शहर में अगर कोई कूड़ा जलाता मिला तो उसका चालान तो कटेगा साथ ही जिसकी जमीन में कूड़ा जलाया जा रहा है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। शहर में जहां कूड़ा जलाया जा रहा है निगम अधिकारियों ने उन जगहों को चिन्हित करके उनके पास कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। 

Isha