जहरीली हवा से लोग परेशान अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी

11/3/2019 12:16:59 PM

चरखी दादरी: दीपावली पर्व के बाद दादरी शहर का प्रदूषण काफी हद तक नुक्सानदेह साबित हो रहा है। जिसके चलते क्षेत्र की आबोहवा खराब हो गई है। पिछले कुछ दिनों से स्मॉग के कारण काफी विकट हालात बन गए हैं। दूषित प्रदूषण के प्रभाव लोगों के जनजीवन पर साफ नजर आ रहा है। हवा में जहरीलापन लोगों के लिए लगातार परेशानियां पैदा  कर रहा है।

जिससे लोगों को एलर्जी, जुकाम, खांसी व अन्य मौसम जनित बीमारियों ने अपनी जकड़ में ले लिया है। शनिवार को भी पूरे दिन आसमान में स्मॉग छाया रहा। जिसके कारण दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। 
प्रदूषित वातावरण के चलते दिन में भी शाम का एहसास रहा और दृश्यता भी काफी हद कम हो गई। जिसके चलते वाहनों की स्पीड पर भी ब्रेक लगा रहा। 

वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
दिनभर स्मॉग छाए रहने से जहां आमजन बेहाल है। वहीं, वाहन चालकों को बेहद मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। सड़कों पर धुंध के कारण वाहन चालकों को आवाजाही करने में भारी परेशानियां हो रही है। सामान्य दिनों में वह निर्धारित समय पर अपना काम निपटा लेते थे। लेकिन अब स्मॉग की वजह से उनके वाहनों की गति पर अंकुश लग गया है और उन्हें दिन में रात की तरह ड्राइविंग करनी पड़ रही है।

Isha