JJP नेता रविंद्र सैनी हत्याकांड के 2 शूटर गिरफ्तार, बंगलुरू में छिप कर काट रहे थे टाइम...परिवार से मिलने आए थे गांव

punjabkesari.in Sunday, Oct 06, 2024 - 05:22 PM (IST)

 

हांसी(संदीप सैनी): हांसी में 10 जुलाई को JJP नेता रविंद्र सैनी की हीरो मोटर्स एजेंसी के शोरूम के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला इतना बढ़ गया था कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा था। इस मामले में पुलिस 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस हत्याकांड के 3 महीने के अंदर गुत्थी सुलझाते हुए बाकी बचे 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित गांव निदाना और मनीष गांव अलखपुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपियों ने ही रविंद्र सैनी पर गोलियां बरसाकर हत्या की थी। यह दोनों 3 महीने से पुलिस से लुका छिपी खेल रहे थे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी हत्याकांड को अंजाम देकर बैंगलुरू में छिप गए थे। वह हाल ही में अपने परिवार से मिलने आ रहे थे कि सीआईए को इसकी भनक लग गई और दोनों को गोहाना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों ने रंजिश में घटना को अंजाम दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 गन बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 2 गन से ही फायर किए थे। सभी गन बरामद कर ली गई है। पकड़ गए आरोपी सुमित पर हत्या व लड़ाई झगड़े के केस दर्ज हैं वहीं मनीष पर हत्या, हत्या प्रयास के 3 मुकदमे और लड़ाई झगड़ सहकत एक्साईज एक्ट में केस दर्ज हैं।

14 आरोपियों ने रचा हत्याकांड का षड़यंत्र 

 हरियाणा में जेजेपी नेता रविंद्र सैनी की हत्या मामले में 2 मुख्य शूटर सहित 14 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इस हत्याकांड में शुरू से ही कई लोगों की संलिप्तता सामने आ रही थी। इसमें मुख्य साजिशकर्ता विकास नेहरा और तोशाम के पिंजोखरा गांव निवासी विकास उर्फ काशी हैं। इन दोनों के बीच ही रविंद्र सैनी को मारने के लिए हत्या के बदले हत्या की डील हुई थी। दूसरी हत्या तोशाम में की जानी थी मगर उससे पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। विकास हिसार की जेल में बंद है और यही से हत्या की साजिश रची गई। काशी की गांव में ही एक गैंग के सदस्य से रंजिश है। काशी उसकी हत्या करवाना चाहता था। बदले में उसने रविंद्र सैनी की हत्या करने की हामी भरी थी। हत्याकांड में विकास नेहरा, प्रवीण, रमेश उर्फ योगी, प्रवीण, रविंद्र, योगेश उर्फ सुखा, सचिन उर्फ मंगतू, विकास उर्फ काशी, मंत्री और चेयरमैन पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस ने ऐसे सुलझाया केस 

रविन्द्र सैनी हत्याकांड में पुलिस ने सबसे पहले विकास नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की, क्योंकि 7 साल पहले रविन्द्र सैनी की हत्या की कोशिश उसी ने की थी। वारंट पर विकास ने खुलासा किया कि उसने जेल में बैठकर पूरी योजना बनाई थी। इसके बाद हांसी पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों तक पहुंचने का काम किया। पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी राजस्थान के रास्ते गुजरात भाग गए हैं। पुलिस ने गुजरात से प्रवीण, रमेश उर्फ योगी, प्रवीण, रविन्द्र को गिरफ्तार किया। ये चारों जेजेपी नेता की हत्या के साजिशकर्ता थे। इन आरोपियों ने रविन्द्र सैनी की रेकी करने और शूटरों की मदद करने की पूरी योजना बनाई थी।

इसके बाद पुलिस ने गुजरात से पकड़े गए चारों आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। इसके बाद पुलिस को मुख्य शूटरों के बारे में सुराग मिला। पुलिस ने रविन्द्र सैनी की हत्या में शामिल 3 आरोपियों को 17 जुलाई को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इनमें योगेश उर्फ सुखा, सचिन उर्फ मंटू, विकास उर्फ काशी के पैरों में गोली लगी है। 

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static