सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने वाला गैंगस्टर एयरपोर्ट से गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Oct 26, 2025 - 10:51 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): बॉलीवुड सिंगर फाजिलपुरिया पर गोली चलाने के मुख्य आरोपी कुख्यात गैंगस्टर सुनील सरधानिया को गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। सुनील सरधानिया और उसके साथी दीपक नांदल ने बॉलीवुड गायक राहुल फाजिलपुरिया से जुड़े दो हिंसक हमलों की जिम्मेदारी ली थी। अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए सरधानिया फर्जी पासपोर्ट पर मध्य अमेरिका के कोस्टा रिका में छिपा हुआ था। कोस्टा रिका से लौटने के दौरान गुड़गांव की सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच ने उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर अरेस्ट कर लिया। सरधानिया को दोपहर बाद गुरुग्राम कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। गुरुग्राम पुलिस उससे विदेशों में सक्रिय अन्य आपराधिक नेटवर्क के साथ संबंधों के बारे में पूछताछ करेगी। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

दरअसल, 14 जुलाई 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-71 में सिंगर फाजिलपुरिया पर गोलीबारी की घटना में सुनील का नाम प्रमुखता से सामने आया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उसने खुद जिम्मेदारी ली थी। वीडियो में सुनील ने दावा किया कि फाजिलपुरिया ने उसके पार्टनर दीपक नांदल को 5 करोड़ रुपए का चूना लगाया। दीपक ने फाजिलपुरिया को सेलिब्रिटी बनाने के लिए भारी निवेश किया था, लेकिन प्रसिद्धि मिलते ही सिंगर ने संपर्क तोड़ लिया। सुनील ने चेतावनी दी थी कि अगर पैसे न लौटाए गए तो फाजिलपुरिया के परिवार और सहयोगियों को निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त को फाजिलपुरिया के करीबी प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की सेक्टर 77 में पाम हिल्स के पास दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

 

सुनील ने इसकी भी जिम्मेदारी ली थी। सुनील सरधानिया पर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग समेत कई संगीन मामलों का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। वह लंबे समय से फरार था। पुलिस के अनुसार वह स्विट्जरलैंड और अमेरिका के बीच घूमता रहता था, जहां से वह अपने गिरोह को संचालित कर रहा था। वह फर्जी पासपोर्ट पर मध्य अमेरिका के कोस्टा रिका में छिपा हुआ था। वहां से लौटने पर सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच के प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद कुमार की टीम ने उसे दिल्ली के एयरपोर्ट पर पकड़ लिया। 

 

सोनीपत के गांव सरधाना निवासी सुनील उर्फ सरधानिया (39) हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वर्ष 2024 में वह भिवानी के केस में आजीवन सजा की अवधि के दौरान हाई कोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया और न्यू अशोक नगर वसुंधरा एनक्लेव, दिल्ली के पते पर सुनील सिंह नाम से फर्जी दस्तावेज/पासपोर्ट बनवा कर विदेश भाग गया था। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्राप्त किए गए पासपोर्ट से दुबई होते हुए मध्य अमेरिका चला गया था और वहां रहकर ही वह अपने साथियों के साथ नेटवर्क चला रहा था। उसने ही प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या व सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग करके जानलेवा हमला करने की वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई थी। इन वारदातों को अंजाम देने के लिए, शूटर और वारदात में प्रयोग किए गए हथियार भी सुनील सरधानिया ने अपने साथियों के माध्यम से उपलब्ध कराए गए थे। 

 

गैंगस्टर सुनील सरधानिया पर गुरुग्राम में राहुल फाजिलपुरिया, सेक्टर-45 में प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या सहित, हत्या, हत्या करने का प्रयास, लूट व डकैती इत्यादि संगीन अपराधिक वारदातों के दो दर्जन से ज्यादा केस हरियाणा के जींद, रोहतक, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, सोनीपत, अम्बाला, भिवानी, पंचकूला तथा उत्तर-प्रदेश के बागपत व आगरा में दर्ज हंै। वह दो केस में आजीवन कारावास व 10 वर्ष की सजा काट रहा है।

 

सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग व प्रॉपर्टी डीलर की हत्या केस में गुरुग्राम पुलिस कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सात आरोपी विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पेट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल व रामनिवास उर्फ कालू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इनके कब्जा से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई गाड़ी व हथियार इत्यादि भी बरामद किए गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

static