पुलिस ASI ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी की मौत के बाद साले की बीवी ने दुष्कर्म का लगाया था आरोप

8/22/2022 8:21:25 PM

सोनीपत(सन्नी): दिल्ली पुलिस में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ने सोनीपत में अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक सतीश का अपने ससुराल पक्ष के साथ पैसों को लेकर झगड़ा चल रहा था। जब सतीश ने पैसे मांगे तो उसके साले की पत्नी ने उस पर रेप का आरोप लगा दिया। खुद पर लगे इन आरोपों के चलते सतीश ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं सतीश ने मौत से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखकर, ससुराल पक्ष के 5 लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

मृतक ने सुसाइड नोट में पांच लोगों को ठहराया मौत का जिम्मेदार

 

जानकारी के अनुसार सोनीपत के रामनगर निवासी सतीश दिल्ली पुलिस में बतौर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। कोरोना काल में उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने ससुराल पक्ष को 15 लाख रुपए मकान बनाने के लिए उधार दिए थे। जब अपने पैसे वापस मांगे थे तो ससुराल पक्ष के साथ उसका झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद सतीश के साले की पत्नी ने उनके ऊपर रेप के आरोप लगाए थे। दिल्ली के बवाना थाने में रेप का मामला भी दर्ज हुआ था, जिसके बाद  सतीश इस सदमे को सहन नहीं कर पाया और उसने आत्महत्या कर ली। वही सतीश ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। सुसाइड नोट में सतीश ने दो साले, उनकी पत्नियों और अपने ससुर को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता ने 4-5 साल पहले मामा को घर बनवाने के लिए रूपए दिए थे। जब उसके पिता ने अपने रूपए वापस मांगे तो उन्होंने उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया और पिता पर रेप का झूठा मामला दर्ज करवा दिया।

 

ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मामला हुआ दर्ज

 

शहर थाना एसआई आशु राव ने बताया कि उन्हें उन्हें सूचना मिली थी कि रामनगर निवासी सतीश ने आत्महत्या कर ली है। उनके बेटे ने हमें शिकायत देकर मृतक के ससुराल पक्ष के साथ झगड़े की बात बताई है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है। शिकायत के बाद ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गहनता से जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Gourav Chouhan