खाखी फिर हुई शर्मसार ! पुलिस वाली निकली रिश्वतखोर, अब गिरफ्तार

3/12/2022 3:49:12 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण): बहादुरगढ़ में एक बार फिर से खाकी पर दाग लगा है। विजिलेंस ने रिश्वतखोर दो पुलिस वाले गिरफ्तार किए हैं। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। मामला बहादुरगढ़ के शहर थाने और सेक्टर 9 चौकी का है। बहादुरगढ़ के शहर थाने में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी ने मुकदमा खारिज करवाने के लिए 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। साथ ही मुकदमे से सम्बंधित पेन ड्राइव वापस देने के लिए 5 हजार रुपए मांगे थे।

महिला पुलिसकर्मी रिश्वत के लिए बहादुरगढ़ के देव नगर निवासी रमेश को परेशान कर रही थी और रिश्वत के पैसे लेने के लिए खुद उनके घर पहुंची थी। वहीं पर विजिलेंस ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया और रिश्वत के 5 हजार रुपए भी बरामद किए।

महिला पुलिसकर्मी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। विजिलेंस की टीम ने बहादुरगढ़ की सेक्टर 9 चौकी के मुंशी को भी रिश्वत के 5 हजार लेते गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि मुंशी साथी हवलदार की रिश्वत के पैसे लेने गया था। जबकि असली आरोपी हवलदार मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। फिलहाल विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Vivek Rai