जमीन की पैमाइश करते श्मशान भूमि में मिले 2 हैंड ग्रेनेड, पुलिस ने लिए कब्जे में

6/3/2020 5:39:49 PM

टोहाना(सुशील): गांव भोडी में जमीन की पैमाइश करते समय शमशान भूमि में 2 हैंड ग्रेनेड मिले है। जमीन की पैमाइश करवा रहे अधिकारी द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा हैंड ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार गांव भोडी में राजस्व विभाग द्वारा जमीन की पैमाइश करवाई जा रही थी तो इस दौरान डी.जी.पी.एस. मशीन के चालक विकास ढाका को जमीन की निशानदेही करते समय शमशान भूमि में 2 हैंड ग्रेनेड पड़े हुए दिखाई दिए। विकास द्वारा इसकी सूचना कानूनगो सुखदेव सिंह को दी गई। वहीं पर ही  मौजूद भारतीय सेना के पूर्व सैनिक एवं पटवारी रामनिवास द्वारा भी जब शमशान भूमि में पड़े हैंड ग्रेनेड को जाकर देखा तो उनके द्वारा भी यह हैंड ग्रेनेड होने की पुष्टि कर दी गई। शमशान भूमि में पड़े हुए मिले इन 2 हैंड ग्रेनेड की सूचना कानूनगो सुखदेव सिंह द्वारा तुरंत टोहाना सदर थाना प्रभारी को दी गई। इस घटना की सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे टोहाना सदर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने शमशान भूमि में पड़े इन 2 हैंड ग्रेनेड को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

क्या कहना है सदर थाना प्रभारी का
टोहाना सदर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव भोडी की शमशान भूमि में 2 हैंड ग्रेनेड मिले है जो कि जंग लगे हुए हैं। हैंड ग्रेनेड को पुलिस द्वारा अपने कब्जे में लेकर इन्हें सुरक्षित स्थान पर रख दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार हैंड ग्रेनेड मिलने की घटना बारे उच्चाधिकारी को सूचना दे दी गई है और इन दोनों हैंड ग्रेनेड को डिफ्यूज करने के लिए हिसार कैंट को भी सूचित कर दिया गया है।

Isha