संदीप सिंह द्वारा तिरंगा फहराने पर पिहोवा में AAP का विरोध, पुलिस ने हिरासत में लिए कई कार्यकर्ता

1/26/2023 3:00:43 PM

पिहोवा(रणदीप) : छेड़छाड़ के आरोपों से घिरे मंत्री संदीप सिंह द्वारा पिहोवा में तिरंगा फहराने का भारी विरोध हुआ। कई सामाजिक संस्थाओं के साथ ही विपक्षी नेताओं ने भी संदीप सिंह द्वारा ध्वजारोहण करने पर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान शहर में कई जगह खूब बलाव भी हुआ। पुलिस ने सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के कई नेताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने भी संदीप सिंह द्वारा ध्वजारोहण करने का विरोध किया। समारोह स्थल की तरफ जा रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते ही हिरासत में ले लिया।

 

 

कई संस्थाओं ने संदीप सिंह का विरोध करने की दी थी चेतावनी

 

दरअसल संदीप सिंह पर खेल विभाग की जूनियर महिला कोच ने छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए थे। उनके शिकायत पर चंडीगढ़ में मामला भी दर्ज हुआ था और पुलिस की एक एसआईटी महिला कोच द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच भी कर रही है। इस बीच प्रदेश सरकार ने संदीप सिंह की ड्यूटी उनके विधानसभा क्षेत्र में गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराने के लिए लगाई थी। इसके बाद से ही कई संस्थाओं ने सरकार के इस फैसले का विरोध करना शुरू कर दिया था। वहीं आज भी सुबह से ही पिहोवा में कई जगह अलग-अलग संस्थाओं का विरोध देखने को मिला। आप नेता गहैल सिंह  संधू ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ संदीप सिंह द्वारा ध्वजारोहण किए जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि छेड़छाड़ के मामले में आरोपी संदीप सिंह से ध्वजारोहण करवाना सरासर गलत है। इसलिए आप इसका विरोध कर रही है। इसके बाद उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गणतंत्र दिवस समारोह स्थल की ओर कूच करना शुरू किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अपने साथ थाने ले गए।

 

 

अखिल भारतीय जनवादी महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की धक्का-मुक्की

 

वहीं दूसरी ओर पिहोवा  के मुख्य चौक पर अखिल भारतीय जनवादी महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी संदीप सिंह द्वारा तिरंगा फहराने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने हाथों में नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर कई घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह की तरफ कूच करने की कोशिश की। उनका कहना था कि संदीप सिंह आरोपी हैं और वे तिरंगा नहीं फहरा सकते। वे समारोह में पहुंच कर मंत्री संदीप सिंह का विरोध करना चाहते थे। इस बीच पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें बीच में ही रोक लिया। इस बीच अखिल भारतीय जनवादी महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया। यही नहीं इस विरोध प्रदर्शन में एसएफआई ने भी मुख्य रूप से हिस्सा लिया। एसएफआई के जिला अध्यक्ष गिल को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

 

यह भी पढ़ें

 

पिहोवा में ध्वजारोहण के दौरान संदीप सिंह का विरोध, पुलिस ने नारेबाजी कर रही महिला को जमीन पर घसीटा

 

 

राष्ट्रगान के वक्त एक महिला ने विरोध करते हुए संदीप सिंह को कहा कि वे तिरंगा नहीं फहरा सकते, क्योंकि वे अपवित्र हैं। महिला ने स्टेज के नजदीक जाते हुए नारेबाजी करनी शुरू कर दी। आनन फानन में पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बिठा लिया। इस दौरान हरियाणा पुलिस का अमानवीय चेहरा भी देखने को मिला, जहां पुरुष पुलिसकर्मियों ने मंत्री का विरोध कर रही महिला को जमीन पर घसीटा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan