कैथल में पुलिस एनकाउंटर, AVT टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी के घुटने में लगी गोली; बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई ASI की जान
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 08:14 AM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : अपराधियों की धरपकड़ के लिए निकली एवीटी टीम की रविवार को गुहला थाना क्षेत्र में एक आरोपी से मुठभेड़ हो गई। बाबकपुर गांव के पास हुई इस घटना में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के घुटने में लगी। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। वहीं, आरोपी की गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, एवीटी टीम में एएसआई अजीत सिंह, एएसआई राममेहर, एएसआई अशोक, एएसआई संदीप और सिपाही सरवन कुमार शामिल थे। टीम सरकारी गाड़ी से गुहला क्षेत्र में अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बाबकपुर गांव के पास गुप्त सूचना मिली कि पंजाब के अलीपुर निवासी कृपाल उर्फ बल्लू बाबकपुर से रता खेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में खड़ा है। वह चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों में वांछित बताया गया है।
सूचना के अनुसार आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर था और उसके पास अवैध हथियार भी था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने की कोशिश की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस कर्मचारियों ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली ASI की छाती पर लगी, जैकेट ने बचाई जान
आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी। एएसआई ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे गोली का असर नहीं हुआ और उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी गुहला ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।