किसान यूनियन के दिल्ली कूच के मद्देनजर करमन बार्डर पर पुलिस बल तैनात

11/26/2020 9:12:09 PM

होडल (मधुसूदन): सर्व कर्मचारी संघ व कर्मचारी यूनियनों के राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान तथा भारतीय किसान यूनियन के दिल्ली चलो आह्वïान के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बृहस्पतिवार को करमन बार्डर पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। यूपी से हरियाणा की तरफ आने वाले वाहनों की गहन जांच और पूछताछ के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। 

इस अवसर पर नायब तहसीलदार गौरब कुमार डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तथा डीएसपी बलवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। डीएसपी बलवीर सिंह ने बताया कि यूपी से दिल्ली आंदोलन में जाने-वाले किसानों को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जिसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए हैं। किसानों के दिल्ली चलो के आह्वान के मद्देनजर प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न स्थानों पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की गई है। 

दिल्ली में जाकर कोई किसान उपद्रव या पथराव आदि ना करे, इसके लिए किसानों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। किसान के वेशभूसा में किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला में पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत आदेश पारित कर अधिक लोगों की भीड़ एकत्रित करने व घातक हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाई गई है। इसके अलावा बार्डर पर कोविड-19 की परिस्थितियों से संबंधित दिशा-निर्देश के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई है।

उधर डयूटी मजिष्ट्रेट गौरब कुमार ने बताया कि दिल्ली की तरफ किसानों को कूच नहीं करने दिया जाएगा। जिसके लिए बार्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां बुलाई गई हैं। गुटों के रूप में गाडिय़ों में सवार होकर जाने का प्रयास करने वाले किसानों को प्रवेश की अनुमति नहीं है। वाहन चालकों से गहन पूछताछ और जांच के बाद ही बार्डर से प्रवेश दिया जा रहा है। वह स्वयं पुलिस टीम के साथ प्रत्येक वाहन की जांच कर रहे हैं ताकि कोई भी किसान दिल्ली कूच ना कर सके। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसानों को समझाकर वापस लौटाया जा रहा है।

Shivam