पुलिस द्वारा अस्पताल लाया आरोपी चकमा देकर फरार, CCTV में कैद हुई घटना

4/16/2017 4:23:30 PM

यमुनानगर (हरिंदर सिंह):यमुनानगर में पुलिस से एक बड़ी चूक हुई है। ट्रामा सेंटर में मेडिकल के लिए लाया आरोपी पुलिस को चकमा देकर ट्रामा सेंटर से फरार हो गया। लेकिन अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जानकारी के अनुसार विक्रांत उर्फ बग्गा नाम के इस शख्स पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले पर चुपी साध कर अपनी लापरवाही को छुपा रही है।


सिविल अस्पताल के ट्रामा सेन्टर में पुलिस के दो अधिकारियों के साथ व्हील चेयर पर दिख रहा ये शख्स कोई मासूम व्यक्ति नहीं बल्कि ये विक्रांत उर्फ बग्गा नाम का वो आरोपी है जिसे इसकी पत्नी की शिकायत पर अप्रकृतिक यौन शोषण और कई धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया था। इसके पैर में चोट होने के कारण इसे रात मेडिकल के लिए अस्पताल लाया गया था। जहां से देर रात ये पुलिस को चकमा देकर देखते ही देखते फरार हो गया। बग्गा पर रंगदारी और पंजाब के कपूरथला में हत्या का मामला भी दर्ज है। पुलिस की चूक की वजह से ये आरोपी ट्रामा सेंटर में बने रैंप से होते हुए दीवार फांद कर फरार हो गया।


पुलिस के दबाव में अस्पताल प्रशासन भी सीसीटीवी में कैद पूरी घटना की वीडियो मीडिया को नहीं दे रहा लेकिन जो वीडियो व्हाट्सएप पर वायरल हुई उसमे ये आरोपी बग्गा व्हील चेयर पर बड़ा ही शांत दिख रहा है लेकिन पुलिस ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनकी चूक से इतना बड़ा अपराधी फरार हो जाएगा। वही पुलिस इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है क्यों कि सवाल पुलिस की लापरवाही का है अब देखना होगा कि इतनी बड़ी चूक के बाद पुलिस क्या एक्शन लेती है।