किसानों के आंदोलन पर अब पुलिस का पहरा: BS Sandhu

6/3/2018 10:22:34 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने राष्ट्रीय किसान महासंघ के चल रहे गांव बंद प्रदर्शन के संदर्भ में आज सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अपने संबंधित क्षेत्रों में पुलिस बल की अधिकतम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संधू आज यहां एक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को संबोधित कर रहे थे। कानून और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा करते हुए संधू ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में आवश्यक वस्तुओं और सुविधाओं की आपूॢत बाधित न होने दी जाए। इसके अतिरिक्त, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यातायात का सही आवागमन हो। 

डी.जी.पी. ने अफसरों को यह हिदायत दी कि पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि सभी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग खुले रहें। नागरिक प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा प्रदान करते हुए डी.जी.पी. ने पुलिस अधिकारियों को सतर्क व सावधान रहने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को कानून और व्यवस्था से छेड़छाड़ नहीं करने दी जाएगी। 

किसी को भी अपने हाथों में कानून लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो लोग किसी भी तरह की आगजनी या हिंसा इत्यादि में शामिल होंगे उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संधू ने पुलिस अधिकारियों को महिलाओं विशेषकर छोटी लड़कियों के खिलाफ अपराध की प्रति संवेदनशीलता दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रैंक के पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 21 अप्रैल, 2018 को पारित अध्यादेश के बारे में भी पुलिस अधिकारियों को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी इस अध्यादेश के प्रावधानों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करें। 

जसिया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : संधू 
डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने पूरे राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए जसिया में जाट महासभा के चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान किए गए इंतजामों की भी समीक्षा की। संधू ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Deepak Paul